बेंगलुरु, चार फरवरी (भाषा) शहर की एक व्यस्त सड़क पर निर्वस्त्र हालत में दिखाई दे रहे एक युवक का सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आने के बाद सार्वजनिक उपद्रव करने के आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दो फरवरी को यहां लावेल मार्ग पर एक निजी क्लब के परिसर के बाहर यह घटना हुई।
पुलिस के अनुसार, क्लब में पहुंचे उस व्यक्ति ने दावा किया कि उसके पिता क्लब के सदस्य हैं और वह वहां प्रवेश की मांग करते हुए सुरक्षाकर्मियों से बहस करने लगा।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रवेश नहीं दिए जाने पर उसने कथित तौर पर अपने कपड़े उतार दिए और परिसर के बाहर हंगामा किया।
ऑनलाइन प्रसारित हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति एक कार के बोनट से सटकर खड़ा हो जाता है, जिससे कार का रास्ता रुक जाता है। बाद में जब चालक गाड़ी को आगे बढ़ाने के लिए मोड़ता है, तो वह सड़क पर गिर जाता है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘इस घटना के संबंध में हमने दो प्राथमिकी दर्ज की हैं - एक व्यक्ति के खिलाफ सार्वजनिक उपद्रव करने के लिए और दूसरी कार चालक के खिलाफ है।’’
भाषा यासिर संतोष
संतोष