Breaking News

पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अभी भी ट्रैफिक जाम     |   दिल्ली: सिख फ़ॉर जस्टिस के आतंकी पन्नू के स्लीपर सेल के दो गुर्गे गिरफ्तार     |   इजरायल ने गाजा ब्रिगेड के कमांडर अल-हबील का किया काम तमाम, हमास में मची खलबली     |   गृह मंत्री अमित शाह आज जम्मू-कश्मीर में एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे     |   पीएम मोदी आज राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण का जवाब दे सकते हैं     |  

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया

जम्मू, चार फरवरी (भाषा) जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बर्फ से ढके ऊंचे इलाकों में बुधवार शाम को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी में एक संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पिछले 18 दिनों में चतरू क्षेत्र में यह पांचवीं मुठभेड़ है, क्योंकि सेना और पुलिस, जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) संगठन से जुड़े पाकिस्तानी आतंकवादियों के एक समूह की तलाश कर रही है।

किश्तवाड़ क्षेत्र में आतंकवादियों की निरंतर खोज और उनके खात्मे के लिए घने जंगलों और दुर्गम इलाकों में तलाशी अभियान के दौरान कई मुठभेड़ें हुई हैं। इसी क्रम में आज शाम लगभग 5.45 बजे किश्तवाड़ के दिच्छर क्षेत्र में ‘काउंटर-इंसर्जेंसी फोर्स डेल्टा’, व्हाइट नाइट कोर, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों द्वारा संचालित संयुक्त अभियान (त्राशी-1) में आतंकवादियों से सामना हुआ।

सेना के व्हाइट नाइट कोर्प ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया, ‘‘एक आतंकवादी को सफलतापूर्वक मार गिराया गया है। अभियान जारी है।’’

अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ फिर से तब शुरू हुई जब एक संयुक्त दल चिंगम जंगल के संजिनाला-दिच्छर में तलाशी अभियान संचालित कर रहा था।

चतरू क्षेत्र के पूरी तरह से बर्फ से ढके होने के बावजूद, सेना ने 18 जनवरी को मन्द्रल-सिंहपोरा के पास सोनार गांव में हुई पहली गोलीबारी के बाद आतंकवादियों का पीछा करना जारी रखा, जिसके परिणामस्वरूप एक पैराट्रूपर शहीद हो गया और सात सैनिक घायल हो गए।

हालांकि, घने जंगल और दुर्गम भूभाग का फायदा उठाते हुए आतंकवादी भागने में कामयाब रहे, लेकिन 22 जनवरी को उन्हें पकड़ लिया गया था।

भाषा राखी सुरेश

सुरेश