Breaking News

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद बोले- पहले राहुल जी को सुनें, उसके बाद ही प्रधानमंत्री को बोलने देंगे     |   बेंगलुरु मेट्रो में किराए को लेकर हुई बढ़ोतरी 9 फरवरी से लागू होगी     |   पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अभी भी ट्रैफिक जाम     |   दिल्ली: सिख फ़ॉर जस्टिस के आतंकी पन्नू के स्लीपर सेल के दो गुर्गे गिरफ्तार     |   इजरायल ने गाजा ब्रिगेड के कमांडर अल-हबील का किया काम तमाम, हमास में मची खलबली     |  

कर्नाटक: सिगरेट के भुगतान को लेकर हुए विवाद में दुकानदार की हत्या

बेलगावी (कर्नाटक), चार फरवरी (भाषा) कर्नाटक के बेलगावी जिले में शराब के सेवन से शुरू हुआ एक विवाद सिगरेट के पैसे को लेकर हुई बहस के बाद हिंसक हो गया, जिसमें जिले के एक दुकानदार की जान चली गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात हुई जब कथित रूप से नशे में धुत चार युवकों ने सिगरेट के पैसे मांगने पर दुकानदार पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान 48-वर्षीय यल्लप्पा दुर्गप्पा नाइक के रूप में हुई है, जो एक किराना दुकान का मालिक था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी कडोली गांव के निवासी हैं। वे एक मेले में शामिल होकर लौट रहे थे और इसी दौरान नाइक की दुकान पर सिगरेट खरीदने के लिए रुक गए। पैसे देने की बात पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने दुकानदार के साथ मारपीट की।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नाइक को गंभीर चोटें आईं और अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।

घटना के आधे घंटे के भीतर काकती पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान प्रज्वल पाटिल, निखिल चौगले, विवेक चौगले और श्रीधर पाटिल के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

भाषा

राखी सुरेश

सुरेश