Breaking News

‘मिडिल ईस्ट संघर्ष के परिणामों का अनुमान लगाना कठिन’, रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा     |   यूरोपीय संघ में गैस सप्लाई की सुरक्षा को लेकर कोई समस्या नहीं: EU आयोग प्रवक्ता     |   ईरान में युद्ध के चलते रूस की तेल से रोजाना $760 मिलियन की कमाई हो रही: क्रेमलिन     |   ‘ईरान के लिए बात करने वाले गंभीर रहें’, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा     |   ‘US को NATO की मदद की जरूरत नहीं’, ईरान जंग के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने फिर कहा     |  

इस शहर में फिर बढ़ेगा मेट्रो का किराया, 5% बढ़ोतरी को मिली मंज़ूरी

कर्नाटक सरकार ने नम्मा मेट्रो ट्रेन (बेंगलुरु मेट्रो रेल) का किराया बढ़ाने को ग्रीन सिग्नल दे दिया है. यानी मेट्रो ट्रेन का किराया बढ़ाने का रास्त साफ हो गया है. इस कदम से बेंगलुरु के यात्रियों पर और बोझ पड़ेगा. हालांकि, बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMRCL) ने अभी तक टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी के बारे में कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया है. राज्य सरकार की सहमति मिलने के बाद अब बेंगलुरु मेट्रो का किराया 9 फरवरी से 5 प्रतिशत बढ़ा दिया जाएगा. अब सिर्फ BMRCL की ओर से आधिकारिक आदेश जारी होने की औपचारिकता बाकी है.

पिछले साल बेंगलुरु मेट्रो के टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी के मुद्दे पर राज्य और केंद्र सरकार के बीच टकराव हुआ था. भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर मेट्रो ट्रेन का किराया बढ़ाने का आरोप लगाया था. हालांकि, कांग्रेस नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा था कि केंद्र सरकार ने टिकट की कीमतें बढ़ाई हैं. लेकिन इस बार राज्य सरकार टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी पर सहमत हो गई है.

मैजेस्टिक से व्हाइटफील्ड तक बेंगलुरु मेट्रो ट्रेन का किराया अभी 80 रुपये है, और 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ यह 84 रुपये हो जाएगा. 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने पर 10 रुपये की टिकट की कीमत 11 रुपये हो जाएगी. 90 रुपये की टिकट की कीमत 95 रुपये हो जाएगी. मैजेस्टिक से बोम्मासंद्रा तक की टिकट की कीमत 80 रुपये से बढ़कर 84 रुपये हो जाएगी. मैजेस्टिक से चल्लगट्टा तक की टिकट की कीमत 60 रुपये से बढ़कर 63 रुपये हो जाएगी.

पिछले साल 9 फरवरी को मेट्रो ट्रेन के टिकट के दाम में 101.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी. इसका कड़ा विरोध होने के बाद जागी BMRCL ने इस बढ़ोतरी को घटाकर 71.5 प्रतिशत कर दिया था. अब टिकट के दाम में 5 प्रतिशत और बढ़ोतरी की जा रही है. इससे, बेंगलुरु मेट्रो से सफर वालों पर अतिरिक्त भार पड़ना तय है.