Breaking News

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद बोले- पहले राहुल जी को सुनें, उसके बाद ही प्रधानमंत्री को बोलने देंगे     |   बेंगलुरु मेट्रो में किराए को लेकर हुई बढ़ोतरी 9 फरवरी से लागू होगी     |   पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अभी भी ट्रैफिक जाम     |   दिल्ली: सिख फ़ॉर जस्टिस के आतंकी पन्नू के स्लीपर सेल के दो गुर्गे गिरफ्तार     |   इजरायल ने गाजा ब्रिगेड के कमांडर अल-हबील का किया काम तमाम, हमास में मची खलबली     |  

बेंगलुरु में आवासीय क्षेत्र से अवैध विस्फोटक जब्त

बेंगलुरु, चार फरवरी (भाषा) बेंगलुरु में एक आवासीय क्षेत्र में पत्थर तोड़ने के लिए 'गैरकानूनी' तरीके से इस्तेमाल की जा रही विस्फोटक सामग्री भारी मात्रा में जब्त की गई है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि जब्त की गई सामग्रियों में स्टोन-क्रशर पाउडर, जिलेटिन की छड़ें, तरल विस्फोटक, एक ट्रैक्टर और निर्माण के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक वाहन शामिल हैं। इसी के साथ खुदाई करने वाला एक वाहन भी बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हुलीमावु पुलिस ने मंगलवार को अक्षयनगर में निरीक्षण किया था।

पुलिस ने इस संबंध में दर्ज कराई गई एक शिकायत के हवाले से कहा है कि एक आवासीय क्षेत्र के भीतर एक जगह पत्थर के बड़े खंडों को तोड़ने के लिए विस्फोटकों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे आसपास की इमारतों को नुकसान पहुंच रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने बम निरोधक दस्ते के साथ मिलकर शिकायतकर्ता द्वारा बताए गए स्थान का निरीक्षण किया।

उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान पुलिस ने चार बैग स्टोन-क्रशर पाउडर के जब्त किए, जिनमें से प्रत्येक का वजन 20 किलोग्राम (कुल 80 किलोग्राम) था। इसके अलावा, 20 तरल विस्फोटक छड़ें और 30 जिलेटिन डिटोनेटर (जो विस्फोटक पदार्थ को सक्रिय करने का काम करता है) तार भी जब्त किए गए।

पुलिस ने कहा कि मामले में शामिल लोगों की पहचान और उनका पता लगाने के लिए जांच जारी है।

भाषा

प्रचेता सुरेश

सुरेश