Lucknow: अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से ‘विराट कायस्थ महासमागम एवं अंतर्राष्ट्रीय कायस्थ प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन 29 नवंबर 2026, रविवार को लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। समारोह का उद्देश्य देश-विदेश में अपनी प्रतिभा, उपलब्धियों और उत्कृष्ट योगदान से कायस्थ समाज का नाम रोशन करने वाली विभूतियों को सम्मानित करना है।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनूप श्रीवास्तव, आईआरएस, पूर्व प्रधान आयुक्त, भारत सरकार ने बताया कि समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को ‘विश्व कायस्थ गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया जाएगा। समारोह का मूल संदेश “आपकी प्रतिभा – कायस्थ समाज का गौरव” रखा गया है।
12 प्रमुख क्षेत्रों में होगा सम्मान
आयोजकों के अनुसार प्रतिभाओं के चयन के लिए कुल 12 प्रमुख क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें शामिल हैं:
- कला एवं संस्कृति – संगीत, नृत्य, गायन, अभिनय, रंगमंच, चित्रकला, वास्तुकला, लोककला एवं सांस्कृतिक संरक्षण।
- शिक्षा, साहित्य एवं शोध – शिक्षा, लेखन, साहित्य, पत्रकारिता, शोध, पुस्तक प्रकाशन एवं ज्ञान-विज्ञान।
- सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण – मानवाधिकार, महिला एवं बाल कल्याण, दिव्यांगजन सेवा, वृद्धजन सेवा और वंचित वर्गों के लिए कार्य।
- विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं इंजीनियरिंग – वैज्ञानिक अनुसंधान, AI, IT, डिजिटल तकनीक, साइबर टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स और तकनीकी नवाचार।
- चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा – चिकित्सा सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, चिकित्सा अनुसंधान, रक्तदान, अंगदान और जनस्वास्थ्य।
- खेल, योग एवं शारीरिक उत्कृष्टता – राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल उपलब्धियां, योग, फिटनेस, प्रशिक्षण एवं खेल प्रतिभाओं का विकास।
- व्यापार, उद्योग एवं उद्यमिता – व्यवसाय, उद्योग, स्टार्टअप, रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास और आर्थिक सशक्तिकरण।
- लोक सेवा, प्रशासन एवं राष्ट्र निर्माण – सिविल सेवा, प्रशासन, रक्षा, पुलिस, न्यायिक सेवा, राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण।
- धर्म, अध्यात्म एवं भारतीय संस्कृति – आध्यात्मिक जागरण, सनातन संस्कृति का संरक्षण, धार्मिक सेवा, वेद-वेदांग एवं भारतीय ज्ञान परंपरा।
- राजनीति एवं जनप्रतिनिधित्व – सांसद, विधायक, महापौर, पार्षद, पंचायती राज, जनसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों के क्षेत्र में योगदान।
- पत्रकारिता, मीडिया एवं जनसंचार – प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया, स्वतंत्र एवं खोजी पत्रकारिता तथा सामाजिक जागरूकता।
- पर्यावरण, कृषि एवं विशिष्ट जनसेवा – पर्यावरण एवं जल संरक्षण, वृक्षारोपण, जैव विविधता, कृषि, जैविक खेती और ग्रामीण विकास।
योग्य प्रतिभाओं के नाम प्रस्तावित करने की अपील
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष ब्रिगेडियर अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ समाज ने ज्ञान, सेवा और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि विश्व कायस्थ गौरव सम्मान-2026 ऐसी प्रतिभाओं को पहचान देने और उन्हें व्यापक मंच उपलब्ध कराने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि यदि किसी कायस्थ प्रतिभा ने अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है, तो उसका नाम सम्मान के लिए प्रस्तावित किया जाए।
31 अक्टूबर तक भेजे जा सकेंगे दस्तावेज
सम्मान के लिए प्रतिभाओं के अभिलेख, प्रमाण-पत्र और संबंधित वीडियो निर्धारित समय-सीमा के भीतर भेजे जा सकते हैं। नामांकन एवं दस्तावेज जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
चयन प्रक्रिया स्वतंत्र निर्णायक मंडल द्वारा उपलब्धियों और प्रस्तुत अभिलेखों के आधार पर पूरी की जाएगी।