Breaking News

मध्यप्रदेश के शिवपुरी में आवारा कुत्ते ने 60 लोगों को किया घायल     |   उप-राष्ट्रपति राधाकृष्णन ने धर्मस्थल मंदिर में की पूजा-अर्चना     |   बीजेपी ने TMC नेता कल्याण बनर्जी के हमले के दावे को बताया ड्रामा     |   बंगाल के कई जिलों में टीएमसी का प्रदर्शन, कई जगहों पर किया रोड जाम     |   पश्चिम बंगाल में कल मंत्रिमंडल विस्तार होगा     |  

बच्चों के टीकाकरण में यूपी ने बनाई नई पहचान, टीकाकरण कवरेज 81.4 फीसदी पहुंचा

उत्तर प्रदेश ने बच्चों के टीकाकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS-6) के अनुसार प्रदेश में पूर्ण टीकाकरण कवरेज बढ़कर 81.4 प्रतिशत पहुंच गया है। इस उपलब्धि के साथ उत्तर प्रदेश देश के उन शीर्ष तीन राज्यों में शामिल हो गया है, जिन्होंने टीकाकरण कवरेज में सबसे अधिक सुधार दर्ज किया है।

प्रदेश सरकार के अनुसार यह सफलता स्वास्थ्य विभाग, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, आंगनबाड़ी कर्मियों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के लगातार प्रयासों का परिणाम है। ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंच बनाकर बच्चों को नियमित टीकाकरण से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए गए, जिससे टीकाकरण की पहुंच और प्रभाव दोनों में वृद्धि हुई।

उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों का पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनकी प्रतिबद्धता के कारण प्रदेश ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

विशेषज्ञों के अनुसार पूर्ण टीकाकरण बच्चों को कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है। टीकाकरण कवरेज में वृद्धि से शिशु मृत्यु दर (IMR) और बाल मृत्यु दर (U5MR) को कम करने में भी मदद मिलेगी। साथ ही बच्चों के समग्र स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार का मार्ग प्रशस्त होगा।

सरकार का लक्ष्य आने वाले वर्षों में टीकाकरण कवरेज को और बढ़ाकर अधिक से अधिक बच्चों तक जीवनरक्षक टीकों की पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके लिए नियमित टीकाकरण कार्यक्रमों के साथ-साथ जागरूकता अभियान और विशेष स्वास्थ्य अभियान भी जारी रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि टीकाकरण के क्षेत्र में मिली यह सफलता प्रदेश की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आने वाले समय में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संकेतकों में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।