Breaking News

मध्यप्रदेश के शिवपुरी में आवारा कुत्ते ने 60 लोगों को किया घायल     |   उप-राष्ट्रपति राधाकृष्णन ने धर्मस्थल मंदिर में की पूजा-अर्चना     |   बीजेपी ने TMC नेता कल्याण बनर्जी के हमले के दावे को बताया ड्रामा     |   बंगाल के कई जिलों में टीएमसी का प्रदर्शन, कई जगहों पर किया रोड जाम     |   पश्चिम बंगाल में कल मंत्रिमंडल विस्तार होगा     |  

मानसून की रफ्तार तेज, देशभर में बारिश-आंधी का अलर्ट, कई राज्यों में भारी वर्षा की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार देश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी है। मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है, जिसके चलते आने वाले दिनों में कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि कुछ जगहों पर लू और उमस भरी गर्मी का असर भी बना रह सकता है।

दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिलेगी। आईएमडी ने बताया कि मानसून की उत्तरी सीमा अरब सागर से बंगाल की खाड़ी तक पहुंच चुकी है। अगले कुछ दिनों में इसके केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। दक्षिण भारत में कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। केरल और लक्षद्वीप में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि तटीय आंध्र प्रदेश में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

पूर्वी भारत के पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। ओडिशा और झारखंड के कुछ इलाकों में तेज आंधी भी चल सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।

राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी और 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। मध्य और पश्चिम भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी बारिश और गरज-चमक का अनुमान है। गुजरात, कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और बिजली गिरने के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। किसानों से भी फसलों और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।