Breaking News

गोवा से दिल्ली आ रही IndiGo की फ्लाइट का इंजन फेल     |   SCO समिट में 30 से ज्यादा अहम दस्तावेजों पर मुहर, AI से ऊर्जा सुरक्षा तक कई समझौते     |   राम मंदिर के पहले CEO के चयन की प्रक्रिया तेज, 3 सदस्यीय कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट     |   संभल शाही जामा मस्जिद सर्वे विवाद पर SC में सुनवाई टली, अब 8 सितंबर को होगी सुनवाई     |   BRICS 2026 कारकेड रिहर्सल को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी     |  

यूपी विधानसभा में गुटखा और पान मसाला बैन, नियम तोड़ने पर लगेगा 1000 रुपये का जुर्माना

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बुधवार को विधानसभा परिसर में गुटखा और पान मसाला पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। ये घोषणा महाना की ओर से मंगलवार सुबह सदन की कार्यवाही के दौरान विधानसभा परिसर के अंदर पान मसाला थूकने के बाद की गई। अध्यक्ष ने इस घटना पर अपनी नाराजगी भी व्यक्त की थी। कथित तौर पर स्पीकर ने कर्मचारियों से गंदगी साफ करने को कहा था। हालांकि, महाना ने विधायक का नाम नहीं लिया, लेकिन कहा कि उन्हें पता है कि वो कौन है।

कड़ी असहमति व्यक्त करते हुए, स्पीकर ने सभी सदस्यों को जनता द्वारा चुने गए विधायकों के रूप में स्वच्छता के प्रति उनकी जिम्मेदारी की याद दिलाई। बुधवार को प्रश्नकाल के बाद महाना ने घोषणा की, "तत्काल प्रभाव से, विधानसभा परिसर के अंदर पान मसाला और गुटखा के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।" 

उन्होंने कहा, "कर्मचारी, अधिकारी या कोई भी अन्य व्यक्ति, विधानसभा परिसर के भीतर गुटखा या पान मसाला खाते हुए पाया गया तो उस पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।" विधानसभा में मौजूद कुछ सदस्यों ने सुझाव दिया कि महंगाई के कारण जुर्माने की राशि बढ़ाई जानी चाहिए। 

महाना ने हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब देते हुए कहा, "उन माननीय सदस्यों के नाम नोट कर लीजिए जो अधिक जुर्माना मांग रहे हैं। अगर वे थूकते हुए पकड़े गए तो हम उनसे अतिरिक्त जुर्माना वसूलेंगे।" उनकी टिप्पणी से विधानसभा सदस्यों में ठहाके गूंज उठे।