Breaking News

बरगी डैम क्रूज हादसा: 48 घंटे बाद मिला एक बच्चे का शव, मृतकों की संख्या 10 हुई     |   ICC महिला T20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान, हरमनप्रीत कौर रहेंगी कप्तान     |   बंगाल: ममता बनर्जी आज काउंटिंग एजेंट्स संग करेंगी अहम बैठक     |   बंगाल री-पोलिंग: दोपहर 3 बजे तक 72.43% मतदान दर्ज     |   खराब मौसम के चलते 3 दिनों में केदारनाथ धाम की 50 प्रतिशत हेलीकॉप्टर टिकट कैंसिल     |  

मैं इतना बड़ा नेता नहीं कि मंत्री को हरवा दूं, संजीव बालियान के जयचंद वाले बयान पर संगीत सोम

मुजफ्फरनगर में पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के जयचंद वाले बयान पर पूर्व भाजपा विधायक संगीत सोम ने पलटवार किया। मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा- मुझे ऐसे संस्कार नहीं मिले कि मैं जयचंद बनूं। संजीव बालियान अपने अहंकार की वजह से हारे हैं। क्योंकि, उन्होंने 5 सालों में सिर्फ भ्रष्टाचार किया। जनता उनसे परेशान थी।

मुजफ्फरनगर में चुनाव हारने के बाद संजीव बालियान ने सोमवार को मीडिया से बात की थी। इसमें उन्होंने संगीत सोम से जुड़े सवाल पर कहा था कि शिखंडी ने छिपकर वार किया। जयचंदों का कुछ नहीं हो सकता है।

संगीत सोम ने कहा- भाजपा सरधना विधानसभा क्षेत्र से जीती है, लेकिन संजीव बालियान बुढ़ाना और चरथावल में हार गए। आरोप लगाने से पहले डॉ. संजीव बालियान को अपनी हार की समीक्षा करनी चाहिए। मेरी जिम्मेदारी सरधना की थी। बुढ़ाना और चरथावल में बालियान क्यों हारे, वो तो उनके घर की सीटें हैं। मैं अकेला इतना बड़ा नेता नहीं हूं कि घर बैठकर एक मंत्री को हरा दूं।

उन्होंने कहा- उनके मन में कोई बात है तो उसे पार्टी फोरम में रखें न कि इस तरह मीडिया के सामने आएं। मैं बड़ा नेता नहीं, भाजपा का कार्यकर्ता हूं। मुझे सरधना की जिम्मेदारी मिली थी उसे मैंने अच्छे से निभाया।

संगीत सोम की प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक प्रेस नोट बांटा गया। बाद में संगीत ने कहा- ये प्रेस नोट हमारे नहीं हैं। जिस किसी ने बंटवाए हैं। उनका पता लगाया जाएगा। मैं मुकदमा करवाऊंगा। प्रेस नोट में बालियान पर करप्शन के आरोप लगाए गए थे।

संजीव बालियान ने हार के 3 कारण गिनाए थे। मुजफ्फरनगर सीट से 2 बार सांसद रहे संजीव बालियान अपनी हार के बाद दिल्ली चले गए थे। मुजफ्फरनगर लौटने के बाद पूरा लेखा-जोखा पब्लिक के सामने रखा। इस दौरान संजीव बालियान ने अपनी हार के 3 कारण गिनाए। उन्होंने कहा- मुस्लिम मतों का ध्रुवीकरण, हिंदू जातियों का आपस में बंटवारा और मतदान प्रतिशत में गिरावट की वजह से मुझे हार मिली। इसके साथ ही संजीव बालियान ने भीतरघात की भी बात की।

इस विवाद की शुरुआत 2022 के विधानसभा चुनाव से हुई। संगीत सोम को चुनाव हारने के बाद लगा कि उन्हें जाट वोट नहीं मिले। संगीत ने इसका ठीकरा संजीव बालियान पर फोड़ा। धीरे-धीरे ये विवाद बढ़ता गया।

लोकसभा चुनाव के दौरान विवाद खुलकर सामने आया। संगीत सोम ने संजीव बालियान को लेकर तरह-तरह के बयान दिए। लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान खतौली के एक राजपूत बिरादरी के गांव में संजीव बालियान के काफिले पर हमला भी हुआ। षड्यंत्र का आरोप संगीत सोम पर लगा। संगीत का सपा प्रत्याशी हरेंद्र मलिक के साथ चुनाव प्रचार का एक वीडियो भी वायरल हुआ। अब लोकसभा रिजल्ट आने के बाद संजीव बालियान चुनाव हार गए। इस विवाद की वजह से राजपूत बिरादरी के वोट में बंटवारा हो गया।

इस चुनाव में मुजफ्फरनगर सीट पर भाजपा उम्मीदवार संजीव बालियान और सपा के उम्मीदवार हरेंद्र सिंह के बीच सियासी मुकाबला था। सपा नेता बाजी मार गए, हरेंद्र ने 24 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। सपा नेता हरेंद्र सिंह मलिक को 4.70 लाख वोट मिले, वहीं संजीव बालियान को 4.46 लाख वोट मिले थे।

मुजफ्फरनगर से चुनाव हारने के बाद भाजपा नेता संजीव बालियान ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा- मुस्लिम मतदाताओं का ध्रुवीकरण और हिंदुओं का जातियों में बंट जाना, उनकी हार की प्रमुख वजह रही। जबकि हिंदुओं का वोट भी अपेक्षित अंदाज में नहीं पड़ा। शिखंडी ने इस बार भी छिपकर वार किया। वह हार गए हैं, इसके लिए वह स्वयं जिम्मेदार हैं।