Breaking News

पहले फेज में 110 सीटें जीतेगी BJP, दीदी का कोई आधार नहीं बचेगा: अमित शाह     |   'भ्रष्ट हाथों में है AAP की कमान, निराश होकर छोड़ी पार्टी', राघव चड्ढा का केजरीवाल पर सीधा प्रहार     |   दिल्ली के जहांगीरपुरी के मजलिस पार्क के पास भीषण आग, कई गाड़ियां जलकर राख     |   हरभजन सिंह के घर की दीवार पर लिखा 'पंजाब का गद्दार', काली पट्टी बांध सड़कों पर उतरे AAP कार्यकर्ता     |   लखनऊ: 30 अप्रैल को उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र के लिए कार्यक्रम जारी     |  

'मैं मायावती का कैडर हूं', BSP के प्रमुख पदों से हटाए जाने के बाद बोले आकाश आनंद

UP: बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) प्रमुख द्वारा अपने भतीजे को पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से मुक्त करने के फैसले के एक दिन बाद आकाश आनंद ने सोमवार को कहा, ''मैं बहन कुमारी मायावती जी का कैडर हूं।'' बीएसपी नेता मायावती ने रविवार को अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया और कहा कि अब उनके आखिरी सांस तक पार्टी में उनका कोई उत्तराधिकारी नहीं होगा। अब इस मामले में आकाश आनंद ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर पोस्ट लिखकर अपना पक्ष रखा। 

आनंद ने कहा, ‘‘मैं परमपूज्य आदरणीय बहन कुमारी मायावती जी का कैडर हूं, और उनके नेतृत्व में मैने त्याग, निष्ठा और समर्पण के कभी ना भूलने वाले सबक सीखे हैं, ये सब मेरे लिए केवल एक विचार नहीं, बल्कि जीवन का उद्देश्य हैं।" आनंद ने कहा, ‘‘आदरणीय बहन जी का हर फैसला मेरे लिए पत्थर की लकीर के समान है, मैं उनके हर फैसले का सम्मान करता हूं, उस फैसले के साथ खड़ा हूं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘आदरणीय बहन कु. मायावती जी द्वारा मुझे पार्टी के सभी पदों से मुक्त करने का निर्णय मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से भावनात्मक है, लेकिन साथ ही अब एक बड़ी चुनौती भी है, परीक्षा कठिन है और लड़ाई लंबी है।'' आकाश ने कहा कि ऐसे कठिन समय में धैर्य और संकल्प ही सच्चे साथी होते हैं। बहुजन मिशन और मूवमेंट के एक सच्चे कार्यकर्ता की तरह, मैं पार्टी और मिशन के लिए पूरी निष्ठा से काम करता रहूंगा और अपनी आखिरी सांस तक अपने समाज के हक की लड़ाई लड़ता रहूंगा। 

उन्होंने कहा, ''कुछ विरोधी दल के लोग ये सोच रहे हैं कि पार्टी के इस फैसले से मेरा राजनैतिक करियर समाप्त हो गया, उन्हें समझना चाहिए कि बहुजन मूवमेंट कोई करियर नहीं, बल्कि करोड़ों दलित, शोषित, वंचित और गरीबों के आत्म-सम्मान व स्वाभिमान की लड़ाई है।'' 

आनंद ने कहा, ''यह एक विचार है, एक आंदोलन है, जिसे दबाया नहीं जा सकता। इस मशाल को जलाए रखने और इसके लिए अपना सब कुछ न्यौछावर करने के लिए लाखों आकाश आनंद हमेशा तैयार हैं।'' बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने रविवार को अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी के नेशनल को-आर्डिनेटर और अपने उत्तराधिकारी समेत सभी पदों से हटा दिया था। 

बीते एक साल के अंदर मायावती ने आकाश आनंद पर दूसरी बार कार्रवाई की है।साथ ही, उन्होंने घोषणा की थी कि अब उनके जीते-जी कोई उनका उत्तराधिकारी नहीं बनाया जाएगा। उन्होंने अपने भाई आनंद कुमार (आकाश के पिता और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष) और केंद्रीय समन्वयक रामजी गौतम को नेशनल कोआर्डिनेटर बनाने के साथ देश भर में पार्टी संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी है। 

मायावती ने आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ को पिछले महीने पार्टी से निष्कासित किये जाने के बाद ये कदम उठाया है। मायावती ने पूर्व में आकाश आनंद को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था। लेकिन पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव के दौरान एक विवादित बयान देने को लेकर उन्होंने अपने भतीजे से यह ओहदा वापस ले लिया था। हालांकि बाद में मायावती ने उन्हें फिर से अपना उत्तराधिकारी घोषित कर दिया था।