Breaking News

नेपाल में 4,250 लोग अब भी लापता, छठे दिन भी तलाश जारी     |   सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस: शामली में पीड़ित परिवार से मिले जयंत चौधरी     |   UP: सीएम योगी ने हापुड़ हादसे का संज्ञान लिया, घायलों के तुरंत इलाज के निर्देश दिए     |   जोमैटो ने एनालॉग डिशेज की बिक्री पर ज़ीरो-टॉलरेंस पॉलिसी की घोषणा की     |   अमेरिका ने होर्मुज में माइन थ्रेट के बीच ईरान के लारक द्वीप पर हमला किया     |  

कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, 2 लोगों की मौत, 5 घायल

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार को पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में जोरदार धमाका हो गया। हादसा पिपरी थाना क्षेत्र में हुआ। धमाके में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद कुल 7 घायलों को प्रयागराज के ट्रॉमा सेंटर लाया गया। एसआरएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एके वर्मा ने बताया कि इनमें से 2 लोगों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि 3 घायलों की हालत बेहद गंभीर है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। इन तीनों को सिर में गंभीर चोटें और पैरों में फ्रैक्चर हुए हैं। एक व्यक्ति के पैर में मामूली चोट आई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति का शरीर 50 फीसदी से ज्यादा झुलस गया है। डॉ. वर्मा के मुताबिक, सभी घायलों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

कौशांबी के जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। मौके पर चार दमकल की गाड़ियां और एंबुलेंस भेजी गईं। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब 5 लोगों को बाहर निकाला गया, जिनमें कुछ को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। गंभीर रूप से घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

डीएम ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की और दोनों जिलों की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान में जुट गईं। प्रारंभिक जांच में आसपास के करीब तीन घरों के जलने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस और राहत-बचाव टीमें मौके पर मौजूद हैं और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।