Breaking News

हरियाणा: फरीदाबाद में सूरजकुंड मेले में झुला टूटा, कई लोगों के घायल होने की ख़बर     |   सिक्किम के ग्यालशिंग में भूकंप के झटके, रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 4.2, जमीन से 5 किमी नीचे केंद्र     |   ओबामा दंपति पर नस्लवादी वीडियो को लेकर बवाल, डोनाल्ड ट्रंप ने निंदा की लेकिन माफी से साफ इनकार     |   टी-20 वर्ल्ड कप: USA ने टॉस जीता, टीम इंडिया के खिलाफ पहले गेंदबाजी का फैसला     |   भारत-पाक वर्ल्ड कप मैच पर नया मोड़, पहले हटने की बात करने वाला PCB अब ICC से बातचीत को आगे आया     |  

यूपी और बिहार में बारिश, तेज हवाएं कर सकती हैं परेशान

देशभर में मौसम में बदलाव जारी है. उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने की वजह से अगले दो दिनों में कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और कुछ इलाकों में ठंड बढ़ने के संकेत हैं. IMD के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में 21 और 22 मार्च को हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और कई जगहों पर तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. वहीं मैदानी राज्यों जैसे हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. इन राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान और ओलावृष्टि भी हो सकती है. बिहार और उत्तर प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने का भी पूर्वानुमान लगाया गया है.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले दो दिनों तक बारिश और आंधी का पूर्वानुमान है. सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, गाजीपुर और बाकी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इसके अलावा कानपुर और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना है. कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है.

गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और तेलंगाना में 21 से 24 मार्च तक बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है. तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कुछ इलाकों में भी 22 और 23 मार्च को हल्की बारिश का पूर्वानुमान है. इससे इन राज्यों में बढ़ती गर्मी से राहत मिलेगी.

बिहार के कई जिलों में 21 और 22 मार्च को बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. पटना, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई, भभुआ और रोहतास जिलों में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है. इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आएगी.

जम्मू-कश्मीर में होगी बर्फबारी

पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश हो सकती है. श्रीनगर और आसपास के इलाकों में तापमान सामान्य बना रहेगा, लेकिन कुछ जगहों पर तापमान शून्य डिग्री से नीचे जा सकता है. अगले 24 घंटों में हल्की बर्फबारी की संभावना है जिससे ठंड फिर से बढ़ सकती है.

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने बारिश, आंधी और ओलावृष्टि को देखते हुए किसानों और आम जनता को एक्टिव रहने की सलाह दी है. खुले इलाकों में जाने से बचें और बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर शरण लें. अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा जिसके बाद गर्मी का प्रकोप बढ़ सकता है.