उत्तर प्रदेश के फतेहाबाद में हुए सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि फतेहाबाद इलाके में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटना में दिल्ली के एक दंपती और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। वे सभी दिल्ली के उत्तम नगर के रहने वाले थे। सभी प्रयागराज में महाकुंभ में पवित्र स्नान करने के बाद घर लौट रहे थे।
पुलिस ने बताया कि ये घटना सोमवार को करीब 12.30 बजे हुई। 42 साल के ओमप्रकाश सिंह गाड़ी चला रहे थे, तभी उनका कार से नियंत्रण खत्म हो गया। इस वजह से हुए हादसे में कार विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। उसकी पत्नी पूर्णिमा (34), बेटी अहाना (12) और चार वर्षीय बेटे विनायक की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिवार को सूचित कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि चालक को झपकी आ गई होगी, जिसके कारण ये दुर्घटना हुई।