मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनसुविधाओं का विस्तार, निवेश को प्रोत्साहन और नवाचार के जरिए युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करना नए उत्तर प्रदेश के विकास का संकल्प है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के युवाओं को अपनी ही धरती पर बेहतर रोजगार और वैश्विक पहचान बनाने के अवसर मिलें।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर कानपुर नगर के बिठूर में बिल्हौर और बिठूर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 411 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री लखनऊ में जीसीसी इनोवेशन समिट-2026 का शुभारंभ करेंगे। इस समिट के दौरान वैश्विक कंपनियों और विश्वविद्यालयों के साथ होने वाले समझौता ज्ञापनों (एमओयू) से तकनीकी अनुसंधान, नवाचार और उच्च कौशल वाले रोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।
विरासत और आधुनिक तकनीक के समन्वय पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अपनी गौरवशाली विरासत से प्रेरणा लेकर भविष्य की नई संभावनाओं का निर्माण कर रहा है। महर्षि वाल्मीकि की रामायण ने पीढ़ियों तक समाज को मर्यादा, ज्ञान और लोककल्याण का संदेश दिया है। आज इसी ज्ञान परंपरा को विज्ञान और तकनीक के साथ जोड़कर युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। प्रदेश में युवाओं को आधुनिक तकनीक, शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
निवेश और तकनीकी विकास से बढ़ रही संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में औद्योगिक और तकनीकी क्षमताओं के अनुरूप निवेश तथा रोजगार के अवसरों का विस्तार बड़ी चुनौती था। अब बेहतर कनेक्टिविटी, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेशोन्मुख नीतियों के जरिए प्रदेश में नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक क्षमता केंद्रों (जीसीसी) के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम के प्रमुख केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। जीसीसी इनोवेशन समिट-2026 प्रदेश को वैश्विक तकनीक, नवाचार और ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
विकसित उत्तर प्रदेश के लिए ज्ञान और नवाचार जरूरी
सीएम योगी ने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश का लक्ष्य विरासत, शिक्षा और तकनीक के समन्वय से पूरा होगा। सांस्कृतिक पहचान पर गर्व करते हुए प्रदेश को ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था में वैश्विक स्तर पर मजबूत भूमिका निभानी है।
उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं से जनसुविधाएं बेहतर होंगी, जबकि निवेश और नवाचार से युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। सरकार का प्रयास है कि उत्तर प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा और कौशल के दम पर देश-दुनिया में पहचान बनाएं।