Breaking News

UP: संभल के नेजा मेले की अनुमति संबंधी याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में आज सुनवाई     |   टूरिस्ट वीजा पर बिहार आने वाले पाकिस्तानियों का मामला बिहार विधानसभा में उठा     |   महाराष्ट्र: बाबा सिद्दीकी मर्डर केस के पहले आरोपी को बॉम्बे हाई कोर्ट ने जमानत दी     |   महाराष्ट्र: बीजेपी पार्षद मंजूषा नागपुरे निर्विरोध पुणे की मेयर चुनी गईं     |   बिहार: ‘महिलाओं के खिलाफ अपराध रुक नहीं रहे’, राबड़ी देवी का डिप्टी सीएम पर हमला     |  

हाथरस में कार की टक्कर से बच्चे की मौत के बाद बवाल, सड़क जाम और थाने पर पथराव

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में रविवार को कार की कथित टक्कर में एक बच्चे की मौत के बाद तनाव फैल गया और घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मथुरा-बरेली सड़क को जाम कर दिया और मुरसान पुलिस थाने पर पथराव किया। पुलिस ने बताया कि पथराव के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुरसान के मधेया मोहल्ले का निवासी यश कार की चपेट में आ गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया और बाद में अलीगढ़ के एक उच्च चिकित्सा केंद्र में रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बच्चे की मौत की खबर इलाके में पहुंचते ही स्थानीय निवासियों में आक्रोश फैल गया और विरोध प्रदर्शन करते हुए मुरसान पुलिस थाना के बाहर मथुरा-बरेली सड़क को अवरुद्ध कर दिया। प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों ने पास की रेलवे पटरी से पत्थर उठाकर पुलिस थाना पर फेंके। कई पुलिस थानों से भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी मौके पर भेजे गए और कुछ समय बाद स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद कार चालक और उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया गया। प्रदर्शनकारी कार चालक सहित गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों को उनके हवाले करने की मांग कर रहे थे। पथराव के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अब स्थिति नियंत्रण में है।