लखनऊ: 5 जून को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 53वें जन्मदिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारत सरकार के वरिष्ठ मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल और उत्तर प्रदेश सरकार के शीर्ष पदाधिकारियों समेत पूरे देश से शुभकामनाओं का तांता लग गया। सोशल मीडिया पर योगी आदित्यनाथ, लोकप्रिय मुख्यमंत्री और हिंदू ह्रदय सम्राट जैसे ट्रेंड्स दिनभर छाए रहे। इन हैशटैग के माध्यम से सोशल मीडिया यूजर्स ने मुख्यमंत्री को देश का सर्वाधिक लोकप्रिय मुख्यमंत्री करार देते हुए सार्वजनिक जीवन में अनुशासन, सेवा और विकास का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सभी का शुभकामनाओं के लिए आभार जताते हुए उत्तर प्रदेश के निरंतर विकास का अपना संकल्प दोहराया।
PM Modi ने दी शुभकामनाएं
“उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में यूपी के विकास के लिए अथक काम किया है, जिससे राज्य के लोगों की जीवन गुणवत्ता में सुधार हुआ है। उन्हें लंबी और स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं।” — नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री को विशेष धन्यवाद देते हुए कहा, “मन को आत्मीयता, प्रेरणा और ऊर्जा से अभिसिंचित करती मंगलमयी शुभकामनाओं के लिए आपका हार्दिक आभार आदरणीय प्रधानमंत्री जी! आपकी शुभेच्छाएं अक्षय ऊर्जा का स्रोत हैं और 25 करोड़ प्रदेशवासियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के संकल्प की पूर्ति हेतु अथाह शक्ति प्रदान करती हैं। नेशन फर्स्ट की भावना से दीप्त आपके यशस्वी मार्गदर्शन में 'विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश' की संकल्पना की सिद्धि के पथ पर उत्तर प्रदेश अविराम गतिशील है।”
सोशल मीडिया पर भी चला ‘योगी मैजिक’
योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन को सोशल मीडिया यूजर्स और कार्यकर्ताओं ने एक उत्सव के रूप में मनाया। #YogiAdityanath, लोकप्रिय मुख्यमंत्री, हिंदू ह्दय सम्राट जैसे ट्रेंड्स पूरे दिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, एक्स, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर ट्रेंड करते रहे। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, मध्य प्रदेश समेत लगभग सभी भाजपा शासित राज्यों के आधिकारिक और पार्टी हैंडल्स ने बधाई संदेश प्रसारित किए। इन सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विकास पुरुष के साथ ही अनुशासन और सेवा का प्रतीक करार दिया गया।