Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

CM योगी के भरोसे ने बढ़ाया हौसला, अभ्युदय योजना से एसडीएम बनीं सोनम यादव, बेटियों के लिए बनीं मिसाल

अगर प्रतिभा, मेहनत और सही मार्गदर्शन मिले तो आर्थिक चुनौतियां भी सफलता की राह नहीं रोक सकतीं। अयोध्या की सोनम यादव इसकी मिसाल हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का लाभ लेकर सोनम ने यूपीपीसीएस-2024 में सफलता हासिल की और उप जिलाधिकारी (SDM) के पद के लिए चयनित हुईं। फिलहाल वह लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी में प्रशासनिक प्रशिक्षण ले रही हैं। सोनम यादव की सफलता खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्र की उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखती हैं। उनका कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए मेहनत के साथ-साथ सही दिशा और मार्गदर्शन भी बेहद जरूरी है।

अयोध्या के मवई ब्लॉक स्थित हारिका पांडे का पुरवा, गड़ौरा गांव की रहने वाली सोनम यादव ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के जरिए अपनी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी को मजबूत किया। योजना के तहत उन्हें गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री और विषय विशेषज्ञों से सीखने का अवसर मिला।सोनम के मुताबिक, नियमित मार्गदर्शन और बेहतर अध्ययन माहौल से उनकी तैयारी को नई दिशा मिली। इससे उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा और उन्हें अपनी कमजोरियों पर काम करने में मदद मिली।

यूपीपीसीएस-2024 में चयन के बाद सोनम के जीवन में अब जिम्मेदारियों का नया अध्याय शुरू हो चुका है। लखनऊ में चल रहे प्रशासनिक प्रशिक्षण के दौरान उन्हें प्रशासनिक प्रक्रियाओं, कानून-व्यवस्था, राजस्व प्रशासन, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और आम लोगों से संवाद जैसे विषयों की जानकारी दी जा रही है। सोनम का कहना है कि यह प्रशिक्षण उन्हें एक जिम्मेदार, संवेदनशील और जन-केंद्रित अधिकारी के रूप में तैयार करने में मदद कर रहा है।

सोनम यादव युवाओं और छात्राओं से कहती हैं कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। इसके लिए स्पष्ट रणनीति, नियमित पढ़ाई, लगातार अभ्यास और आत्मविश्वास जरूरी है। ग्रामीण इलाकों की बेटियों और सीमित संसाधनों वाले विद्यार्थियों को संदेश देते हुए सोनम कहती हैं कि अपनी परिस्थितियों को कभी भी अपने सपनों की सीमा नहीं बनने देना चाहिए। मेहनत, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

सोनम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से युवाओं और छात्राओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं को युवा सशक्तीकरण और समान अवसर की दिशा में महत्वपूर्ण मानती हैं। उनका कहना है कि शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कौशल विकास और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाएं प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का मौका दे रही हैं।

एक भावी प्रशासनिक अधिकारी के तौर पर सोनम की प्राथमिकता पारदर्शी, संवेदनशील और जन-केंद्रित प्रशासन सुनिश्चित करना है। वह चाहती हैं कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सही तरीके से पहुंचे। सोनम यादव की कहानी सिर्फ उनकी व्यक्तिगत सफलता की कहानी नहीं है। यह उन हजारों युवाओं और बेटियों के लिए उम्मीद की मिसाल है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करते हैं।