उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में यूपी पुलिस दूरसंचार विभाग के लिए चयनित 936 हेड ऑपरेटर्स/हेड ऑपरेटर्स (मैकेनिकल) को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा, “न कोई सिफारिश, न कोई पैसा… पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से, आपकी योग्यता, क्षमता और आरक्षण के नियमों के आधार पर पूरी की गई है।”
उन्होंने आगे बताया कि राज्य में बड़े पैमाने पर भर्तियों की तैयारी चल रही है। “उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड इस साल करीब 1 लाख नई भर्तियां करेगा। इसमें होमगार्ड, सिविल पुलिस और सब-इंस्पेक्टर (SI) पदों पर भर्ती शामिल होगी,” उन्होंने कहा। कानून-व्यवस्था और विकास पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “कानून का राज ही विकास की पहली गारंटी है… देश और दुनिया का हर बड़ा निवेशक आज उत्तर प्रदेश आ रहा है… जब हर नागरिक ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करेगा, तभी ‘विकसित भारत’ का सपना साकार होगा।”
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी इस पहल को साझा करते हुए कहा कि यह उत्तर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी दक्षता और तेज संचार के माध्यम से और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
वहीं, रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा आयोजित फार्मा निवेशकों के ‘लेटर ऑफ कम्फर्ट’ वितरण कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि फार्मा और मेडिकल डिवाइस सेक्टर में हो रहा नया निवेश राज्य में बढ़ते भरोसे का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि करीब 2000 करोड़ रुपये का यह निवेश दवा निर्माण और मेडिकल उपकरण उत्पादन को राज्य में नई गति देगा।