Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में बृहस्पतिवार देर रात छिबरामऊ थाना क्षेत्र में सलेमपुर बुद्ध विहार के पास जीटी रोड पर तेज रफ्तार से जा रहे एक डंपर ने पीछे से ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी जिससे तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने यह जानकारी देते हुए शुक्रवार को बताया कि अलीगढ़ जिले के इगलास थाना क्षेत्र के निवासी ठेकेदार अर्जुन दिवाकर अपने 16 वर्षीय बेटे रितिक और सहयोगी 25 वर्षीय विष्णु के साथ ट्रैक्टर से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे की चपेट में वहां से गुजर रहा एक मोटरसाइकिल सवार भी आ गया। उसकी पहचान कन्नौज जिले के तालग्राम थाना क्षेत्र के असेह गांव निवासी 18 वर्षीय राधा मोहन कठेरिया के रूप में हुई है। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल रितिक और विष्णु ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि अर्जुन दिवाकर का छिबरामऊ के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने डंपर चालक को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए जीटी रोड पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया।