रेलवे और हवाई यात्रा के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और साफ-सुथरा भोजन उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार ने खाद्य सुरक्षा जांच तेज कर दी है। उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (यूपीएफएसडीए) ने शुद्ध ही शुभ अभियान के तहत प्रदेश में रेलवे और एयरलाइंस की कैटरिंग इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 43 इकाइयों की जांच की गई, जिनमें 30 रेलवे प्रतिष्ठानों में खामियां मिलीं। कार्रवाई के दौरान कानपुर नगर में बिना लेबल और निर्माण व उपयोग की तारीख के उल्लेख के रखे गए 978 किलोग्राम राइस क्रम्ब्स जब्त किए गए। वहीं, लखनऊ में गंभीर अस्वच्छता मिलने पर एक बेस किचन बंद कराया गया।
30 रेलवे कैटरिंग इकाइयों में मिलीं खामियां
यूपीएफएसडीए की टीमों ने लखनऊ, सहारनपुर, कानपुर नगर, आगरा, चंदौली, गोरखपुर, गाजियाबाद, मुरादाबाद, वाराणसी, बरेली और झांसी में रेलवे कैटरिंग से जुड़े बेस किचन और खाद्य भंडारण परिसरों की जांच की। कुल 41 रेलवे कैटरिंग इकाइयों और एयरलाइंस को खाद्य आपूर्ति करने वाली दो इकाइयों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान 30 रेलवे प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, पेयजल की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल, स्टॉक रजिस्टर और खाद्य पैकेजिंग सामग्री के फूड ग्रेड प्रमाणपत्र से जुड़ी कमियां सामने आईं। संबंधित इकाइयों के खिलाफ सुधार नोटिस जारी करने की संस्तुति की गई।
लखनऊ में बेस किचन बंद, सहारनपुर में कार्रवाई
लखनऊ के ऐशबाग क्षेत्र में मैसर्स चंद्र मौली मिश्रा की बेस किचन में गंभीर अस्वच्छता और कीटों व चूहों की मौजूदगी मिली। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभाग ने किचन का संचालन तत्काल बंद करा दिया।
वहीं, सहारनपुर में मोंटी कुमार के प्रतिष्ठान पर अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण और भंडारण पाया गया। इसके बाद विभाग ने प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीकरण निरस्त करने की कार्रवाई की।
कानपुर में 978 किलो राइस क्रम्ब्स जब्त
कानपुर नगर में आर.के. एसोसिएट्स एंड होटेलिएर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिष्ठान पर बिना लेबल और निर्माण तथा उपयोग की तारीख के विवरण के रखे गए 978 किलोग्राम राइस क्रम्ब्स जब्त किए गए। जब्त सामग्री को खाद्य कारोबारकर्ता की अभिरक्षा में रखा गया। इसके अलावा, अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों के 26 विधिक नमूने लेकर गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। कुछ प्रतिष्ठान निरीक्षण के समय बंद भी मिले।
लखनऊ और वाराणसी एयरपोर्ट की कैटरिंग इकाइयों को नोटिस
विभाग की टीमों ने लखनऊ और वाराणसी हवाई अड्डों पर एयरलाइंस को खाद्य आपूर्ति करने वाली इकाइयों का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान कर्मचारियों द्वारा शू कवर और मास्क का इस्तेमाल नहीं करने, आवश्यक अभिलेखों व प्रमाणपत्रों की कमी और लेबलिंग में खामियां पाई गईं। इसके अलावा, शाकाहारी और मांसाहारी भोजन के लिए इस्तेमाल होने वाले बर्तनों की अलग पहचान भी नहीं की गई थी। इन कमियों को दूर करने के लिए संबंधित इकाइयों को सुधार संबंधी नोटिस जारी किए गए।
स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों पर जोर
यूपीएफएसडीए ने कैटरिंग इकाइयों में साफ-सफाई, सुरक्षित खाद्य भंडारण, पेयजल की गुणवत्ता, पेस्ट कंट्रोल और फूड ग्रेड पैकेजिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। विभाग का उद्देश्य रेलवे और हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।