Breaking News

1995 बैच के आईपीएस अधिकारी देवेश चंद्र श्रीवास्तव को तिहाड़ जेल का नया महानिदेशक नियुक्त किया गया     |   भारत ने छठी बार जीता U19 वर्ल्ड कप, फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से दी शिकस्त     |   हरसौर में नागौर पुलिस की ओर से जब्त 10 टन विस्फोटक मामले की जांच NIA को सौंपी गई     |   दिल्ली: सफदरजंग के पास NDMC गोदाम में आग, दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं     |   ओडिशा में 1.1 करोड़ इनामी माओवादी दंपती समेत 17 अन्य विद्रोहियों ने सरेंडर किया     |  

मर्दानी 3 के प्रमोशन पर लगे आरोपों को YRF ने बताया बेबुनियाद

यशराज फिल्म्स (YRF) ने अपनी आगामी फिल्म ‘मर्दानी 3’ के प्रमोशन को लेकर सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। आरोप थे कि फिल्म के प्रचार के लिए दिल्ली में “800 लड़कियों के लापता होने” जैसे संवेदनशील मुद्दे को जानबूझकर सनसनीखेज तरीके से जोड़ा गया।

यह विवाद तब सामने आया, जब सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट और वीडियो वायरल हुए, जिनमें दिल्ली में बड़ी संख्या में लोगों, खासतौर पर लड़कियों के लापता होने की बात कही गई। इन दावों के बाद लोगों में डर और भ्रम की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस ने ऐसे भ्रामक और डर फैलाने वाले कंटेंट को लेकर चेतावनी भी जारी की।

इसी बीच कुछ सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स ने इन लापता होने के मामलों को फिल्म ‘मर्दानी 3’ की कहानी से जोड़ना शुरू कर दिया। फिल्म की कहानी कथित तौर पर लड़कियों के अपहरण और उन पर किए जाने वाले प्रयोगों के इर्द-गिर्द घूमती है। इसी समानता के आधार पर यह कयास लगाए गए कि फिल्म के प्रमोशन के लिए इस तरह की खबरों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए यशराज फिल्म्स ने स्पष्ट बयान जारी किया। स्टूडियो के प्रवक्ता ने कहा कि यशराज फिल्म्स एक पुरानी और प्रतिष्ठित संस्था है, जो नैतिकता और पारदर्शिता के सिद्धांतों पर काम करती है। कंपनी ने साफ शब्दों में कहा कि वह किसी भी संवेदनशील सामाजिक या सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दे को प्रचार के लिए इस्तेमाल नहीं करती और ऐसे सभी आरोप पूरी तरह निराधार हैं।

दरअसल, जनवरी 2026 के शुरुआती दिनों में दिल्ली में लापता लोगों से जुड़ा एक आंकड़ा सामने आया था, जिसे सोशल मीडिया पर बढ़ा-चढ़ाकर और चुनिंदा तरीके से पेश किया गया। बाद में यह भी स्पष्ट हुआ कि इन आंकड़ों को गलत संदर्भ में दिखाकर डर का माहौल बनाया गया।

फिलहाल, यशराज फिल्म्स ने यह दोहराया है कि फिल्म का प्रमोशन किसी भी तरह से झूठी या भ्रामक जानकारी पर आधारित नहीं है और सच्चाई समय के साथ सामने आएगी।