Breaking News

तमिलनाडु के कड्डालूर में घर की दीवार गिरी, दो महिलाओं की मौत     |   BCCI अब ICC के सामने एशिया कप ट्रोफी का मुद्दा उठाएगा     |   बंगाल: चुनाव ड्यूटी का पालन न करने पर लगभग 1,000 बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी     |   बिहार: RJD के पूर्व विधायक अनिल कुमार सहनी बीजेपी में शामिल     |   पंजाब में छह आईएएस अधिकारियों का तबादला     |  

छत्तीसगढ़ में 10 नगर निगम और 49 नगर पालिका सहित 173 निकायों में वोटिंग जारी

छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगमों, 49 नगर पालिका परिषदों और 114 नगर पंचायतों समेत 173 नगरीय निकायों में सुबह आठ बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। साथ ही दुर्ग और सुकमा के नगरीय निकायों के रिक्त स्थानों की पूर्ति के लिए पांच वार्डों में उप-चुनाव भी हो रहा है। इस बार के चुनाव में मतदाता ईवीएम (इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन) जरिए एक साथ महापौर, अध्यक्ष और पार्षद पद के लिए मतदान कर रहे हैं। सभी निकायों में मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा।

नगर निकायों के चुनाव और उप-चुनाव में भाग ले रहे 10 हजार से अधिक उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कुल 44,90,360 मतदाता करेंगे, जिनमें 22,08,625 पुरुष, 22,81,226 महिलाएं और 509 ‘थर्ड जेंडर’ मतदाता शामिल हैं। नगर निकायों के चुनाव के लिए कुल 5,970 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 1,531 संवेदनशील और 132 अति संवेदनशील मतदान केंद्र घोषित किए गए हैं। इसी तरह पांच वार्डों के उपचुनाव के लिए 22 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नगरीय निकाय चुनाव की मतगणना 15 फरवरी को होगी। पिछले वर्ष लोकसभा चुनाव के बाद, राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस एक बार फिर चुनावी मैदान में आमने-सामने है।