Breaking News

उत्तराखंड में 10 IAS और 20 PCS अफसरों का ट्रांसफर, कई जिलों के CDO बदले     |   दिल्ली: शास्त्री पार्क अंडरपास के पास डीटीसी बस में लगी आग     |   सऊदी अरब में हूतियों का ड्रोन अटैक, पंपिंग स्टेशन को निशाना बनाने का दावा     |   अमेरिका: ब्रुकलिन में इमारत गिरने से एक की मौत, 10 जख्मी     |   हैदराबाद: मूसी कायाकल्प का पहला चरण जल्द होगा शुरू, CM रेवंत रेड्डी का ऐलान     |  

योगी सरकार में स्वच्छता के नए मॉडल से चमके यूपी के शहर, लखनऊ-गाजियाबाद-वाराणसी को बड़ी उपलब्धि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के शहर स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। 10वें स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रदेश के तीन शहरों लखनऊ, गाजियाबाद और वाराणसी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में लखनऊ ने देश में तीसरा स्थान बरकरार रखा है। वहीं, गाजियाबाद उत्तर प्रदेश का नंबर वन स्वच्छ शहर बना है, जबकि वाराणसी ने स्वच्छ रिवर टाउन की श्रेणी में देश में तीसरा स्थान हासिल किया है।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा को इन उपलब्धियों के लिए सम्मान प्रदान किया। प्रदेश के शहरों की यह सफलता बेहतर कचरा प्रबंधन, आधुनिक तकनीक और लोगों की भागीदारी से किए जा रहे स्वच्छता प्रयासों का परिणाम है।

पुराने कचरे का निस्तारण कर लखनऊ ने बनाई पहचान

राजधानी लखनऊ ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में तीसरी रैंक हासिल की है। शहर में पुराने डंपिंग स्थलों पर जमा 20 से 25 लाख मीट्रिक टन कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है। इससे जमीन को दोबारा उपयोग के योग्य बनाया जा रहा है। जैविक कचरे से खाद और आरडीएफ से औद्योगिक ईंधन तैयार किया जा रहा है।

नगर निगम में इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल बढ़ाने के साथ वायु गुणवत्ता सुधारने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वार्ड स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। पेपर मिल कॉलोनी के वार्ड-70 ने राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल कर लखनऊ का गौरव बढ़ाया है। नुक्कड़ नाटकों और सामुदायिक अभियानों के जरिए नागरिकों को भी स्वच्छता अभियान से जोड़ा जा रहा है।

गाजियाबाद बना यूपी का नंबर वन स्वच्छ शहर

गाजियाबाद ने कचरे को संसाधन में बदलने का बेहतर मॉडल पेश किया है। यहां लोनी, डासना और निडोरी के कचरा प्रसंस्करण प्लांटों की क्षमता दोगुनी करके 3,650 टन प्रतिदिन कर दी गई है। नगर निगम ने 15.5 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का निस्तारण किया है।

शहर में 17 मियावाकी फॉरेस्ट विकसित कर 3.43 लाख पौधे लगाए गए हैं। प्लास्टिक कचरे से पाइप, बेंच और वर्टिकल गार्डन तैयार किए जा रहे हैं। वहीं, महिला स्वयं सहायता समूह गोबर से रूफटॉप कूलिंग पेंट बना रहे हैं। इस नवाचार को ब्लूमबर्ग फिलैंथ्रॉपीज मेयर्स चैलेंज-2025 में एक मिलियन डॉलर का अनुदान भी मिला है।

गंगा और घाटों की सफाई से वाराणसी को मिली पहचान

वाराणसी ने स्वच्छ रिवर टाउन की श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। गंगा और घाटों की सफाई के लिए शहर में विशेष व्यवस्था की गई है। सभी वार्डों में चार डिब्बों के माध्यम से घरों से अलग-अलग श्रेणियों में कचरा एकत्र किया जाता है। घाटों की सफाई तीन शिफ्टों में कराई जाती है।

पूजा सामग्री को गंगा में जाने से रोकने के लिए ट्विन बिन और अर्पण कलश लगाए गए हैं। नदी में तैरते कचरे को हटाने के लिए ट्रैश स्किमर और नावों की मदद ली जा रही है। इसके अलावा घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था की निगरानी के लिए अधिकारियों को फील्ड वेरिफिकेशन की जिम्मेदारी दी गई है।

एके शर्मा ने उपलब्धियों को बताया सामूहिक प्रयासों का परिणाम

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में उत्तर प्रदेश के शहरों के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के बदलते नगरीय स्वरूप, बेहतर प्रबंधन और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। पूर्वांचल से पश्चिमांचल तक प्रदेश के शहर स्वच्छता, सुंदरता और व्यवस्थित नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में नई पहचान बना रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि यह सम्मान सफाई मित्रों, नगर निगमों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मेहनत का परिणाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री के सहयोग और मार्गदर्शन की भी सराहना की। इस अवसर पर लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद, सचिव एवं निदेशक नगरीय निकाय अनुज कुमार झा, नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।