राजस्थान के जयपुर में शुक्रवार को एक निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चार स्कूली बच्चे घायल हो गए। यह दुर्घटना जॉबनेर थाना क्षेत्र के खेजरावास के पास हुई। जयपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (SP) हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि बच्चों को लेकर जा रही निजी स्कूल बस का चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस पलट गई। हादसे में चार बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस का स्टीयरिंग लॉक हो जाने के कारण यह दुर्घटना हुई। घटना की सूचना मिलते ही जॉबनेर थाना प्रभारी (SHO) हनुमान सहाय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायल बच्चों को तुरंत जॉबनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।