दिल्ली में प्याज की बढ़ती कीमतों ने ग्राहकों की परेशानी बढ़ा दी है, खासकर ऐसे समय में जब त्योहारों की शुरुआत होने वाली है और चीनी समेत दूसरी चीजें महंगी हो रही हैं। दिल्ली की ओखला थोक मंडी में प्याज 50 रुपये प्रति किलो से ज्यादा दाम पर बिक रही है। ऐसे में लोगों को उम्मीद है कि सरकार कुछ कदम उठाएगी।
दिल्ली की थोक मंडी में प्याज बेचने वालों का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी की वजह सप्लाई की कमी है और नया माल आने पर कीमत कम हो सकती है। हालांकि, कुछ थोक व्यापारियों का कहना है कि प्याज की कीमतों में कमी आने में ज्यादा समय लग सकता है क्योंकि बारिश से फसल को नुकसान पहुंचा है और सप्लाई अभी भी कम है।
प्याज की आपूर्ति बढ़ाने और कीमतों में मौसमी तेजी को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र के नासिक से बड़े खपत वाले केंद्रों तक खास रेलवे रैक ‘कांदा एक्सप्रेस’ के जरिये प्याज का भारी स्टॉक पहुंचाना शुरू कर दिया है। उम्मीद है कि प्याज का ये स्टॉक जल्द तय केंद्रों पर पहुंच जाएगा। नासिक एशिया के सबसे बड़े प्याज के केंद्रों में से एक है।