अमेरिका ने दुनियाभर के वीजा आवेदकों के अपॉइंटमेंट में अस्थायी बदलाव करने का फैसला किया है। डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की ओर से इमिग्रेशन को लेकर अपनाई जा रही सख्त नीति के बीच यह कदम उठाया गया है। दुनिया भर में स्थित अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में एक ग्लोबल ट्रेनिंग पहल शुरू की गई है। इसके चलते कुछ वीजा अपॉइंटमेंट को पुनर्निर्धारित किया जा रहा है।
जिन आवेदकों के अपॉइंटमेंट में बदलाव किया गया है, उन्हें बाद में नई तारीख की जानकारी दी जाएगी। अमेरिकी विदेश विभाग ने ट्रेनिंग की अवधि और इसके बारे में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। विभाग के अनुसार, इस ट्रेनिंग का उद्देश्य कॉन्सुलर अधिकारियों को वीजा आवेदकों का एक समान तरीके से मूल्यांकन करने में मदद करना है।
ट्रंप प्रशासन अमेरिका में अवैध प्रवास और इमिग्रेशन को लेकर लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसमें लोगों को अमेरिका से डिपोर्ट करना, वीजा और ग्रीन कार्ड रद्द करना तथा विभिन्न आधारों पर आवेदनों को खारिज करना शामिल है। राजनीतिक विचारों और इजरायल के गाजा अभियान के खिलाफ फिलिस्तीन समर्थक प्रदर्शनों में भाग लेने वालों पर भी प्रशासन की कार्रवाई को लेकर चर्चा होती रही है।
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करना और ऐसे लोगों की पहचान करना है, जिनके अमेरिका में सरकारी सुविधाओं पर निर्भर होने की आशंका है। इमिग्रेशन नीति को लेकर ट्रंप प्रशासन को हाल ही में अदालत से झटका भी लगा है। शुक्रवार को एक अमेरिकी जज ने उस नीति को रद्द कर दिया, जिसके तहत 75 देशों के नागरिकों के इमिग्रेंट वीजा जारी करने पर रोक लगाई गई थी। अदालत ने कहा कि यह नीति विदेश मंत्री मार्को रुबियो के कानूनी अधिकार क्षेत्र से बाहर है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि नई ट्रेनिंग के दौरान कॉन्सुलर अधिकारियों को ऐसे आवेदकों की पहचान करने में मदद मिलेगी, जिनके अमेरिकी सरकारी सुविधाओं पर निर्भर रहने की संभावना हो सकती है। साथ ही, वीजा आवेदनों की जांच के लिए एक समान प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जाएगा। जिन लोगों ने अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में इमिग्रेंट वीजा इंटरव्यू के लिए अपॉइंटमेंट लिया था, उन्हें ई-मेल भेजकर बताया जा रहा है कि उनके अपॉइंटमेंट का समय बदला जा रहा है। इन आवेदकों को नई अपॉइंटमेंट तारीख के बारे में बाद में जानकारी दी जाएगी।