राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज केरल के चार दिवसीय दौरे पर रवाना होंगी। वह सबरीमला स्थित भगवान अयप्पा स्वामी मंदिर में भी जाएंगी। राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति मुर्म 21 अक्टूबर की शाम को राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम पहुंचेंगी। इसके मुताबिक, ‘‘वह 22 अक्टूबर को सबरीमाला मंदिर में दर्शन करेंगी और आरती में सम्मिलित होंगी।’’
राष्ट्रपति मुर्मू बुधवार को तिरुवनंतपुरम के राजभवन में पूर्व राष्ट्रपति के आर नारायणन की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण करेंगी। बाद में वह वर्कला स्थित शिवगिरी मठ में श्री नारायण गुरु की महासमाधि शताब्दी समारोह का भी उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक देश की प्रथम नागरिक पलाई स्थित सेंट थॉमस कॉलेज की प्लैटिनम जयंती समारोह में शामिल होंगी। ‘‘24 अक्टूबर को राष्ट्रपति सेंट टेरेसा कॉलेज, एर्णाकुलम के शताब्दी समारोह में शामिल होंगी।’’
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 अक्टूबर को सबरीमला मंदिर के दर्शन करेंगी। वह केरल पुलिस के वाहन से पहाड़ी पर स्थित इस तीर्थस्थल तक जाएंगी। केरल उच्च न्यायालय ने मंदिर में वीवीआईपी काफिले की आवाजाही की अनुमति दे दी। अदालत ने त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) को राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर भीड़ प्रबंधन की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
विशेष आयुक्त के अनुसार, केरल पुलिस के पांच चार-पहिया वाहन राष्ट्रपति के काफिले का हिस्सा होंगे, जिनके साथ एक एम्बुलेंस भी होगी। यह काफिला 4.5 किलोमीटर लंबे स्वामी अय्यप्पन मार्ग और सन्निधानम तक के पारंपरिक मार्ग पर जाएगा। अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि व्यवस्थाएं वीवीआईपी सुरक्षा के लिए ‘ब्लू बुक’ प्रोटोकॉल के अनुरूप होनी चाहिए। पत्तनमतिट्टा के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा की तैयारियां की जा रही हैं। पारंपरिक रूप से श्रद्धालु पैदल या डोलियों (पालकी) में बैठकर मंदिर जाने के लिए चढ़ाई करते हैं।
टीडीबी अधिकारियों ने बताया कि पूर्व राष्ट्रपति वी. वी. गिरि 1970 के दशक में सबरीमला आए थे और वह डोली में सवार होकर मंदिर पहुंचे थे। टीडीबी के एक अधिकारी ने बताया कि आपातकालीन स्थितियों और मंदिर तक सामान पहुंचाने के लिए टीडीबी और वन विभाग द्वारा एम्बुलेंस और ट्रैक्टर उपलब्ध हैं। राष्ट्रपति मुर्मू चार दिवसीय दौरे के तहत 21 अक्टूबर को केरल पहुंचेंगी।