Breaking News

हिज्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैनिकों पर हुए ड्रोन हमले की जिम्मेदारी ली     |   वाराणसी: जल निगम की पाइपलाइन में लगी भीषण आग     |   गुजरात में भूकंप के झटके, 3.4 मापी गई तीव्रता     |   उत्तराखंड: धामी सरकार ने 28 अप्रैल को बुलाया विशेष सत्र, नारी वंदन अधिनियम पर होगी चर्चा     |   विधानसभा चुनाव: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अब तक 1000 करोड़ की शराब और कैश जब्त     |  

PM मोदी आज कनाडा में G7 शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में शामिल होंगे

प्रधानमंत्री मोदी कनैनिस्किस में जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए यहां पहुंच गए हैं. यह एक दशक में मोदी की कनाडा की पहली यात्रा है, प्रधानमंत्री इस दौरान विश्व के नेताओं के साथ मुलाकात करेंगे और ऊर्जा सुरक्षा, प्रौद्योगिकी तथा नवाचार सहित महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के निमंत्रण पर साइप्रस से सोमवार शाम (स्थानीय समयानुसार) कनाडा पहुंचे. कनैनिस्किस में 16-17 जून को शिखर सम्मेलन होना है और यह जी-7 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री की लगातार छठी बार भागीदारी है. प्रधानमंत्री मोदी आज कनाडा में G7 शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में भी शामिल होंगे.

शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री जी-7 देशों के नेताओं, अन्य आमंत्रित देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों के साथ ऊर्जा सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और नवाचार, विशेष रूप से एआई-ऊर्जा संबंध और क्वांटम-संबंधी मुद्दों सहित महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे. ‘ग्रुप ऑफ सेवन' (जी-7) दुनिया की सात उन्नत अर्थव्यवस्थाओं - फ्रांस, अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, जापान, इटली और कनाडा तथा यूरोपीय संघ का एक अनौपचारिक समूह है. इसके सदस्य वैश्विक आर्थिक और भू-राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा करने के लिए हर साल जी-7 शिखर सम्मेलन में मिलते हैं. विश्व की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल भारत को पिछले कुछ वर्षों से नियमित रूप से जी-7 शिखर सम्मेलन के संपर्क सत्र में आमंत्रित किया जाता रहा है.

प्रधानमंत्री शिखर सम्मेलन के दौरान कई द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे. यह सम्मेलन भारत द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किए जाने के एक महीने बाद हो रहा है. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत 22 अप्रैल के पहलगाम हमले के जवाब में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया था.