पूर्व भारतीय क्रिकेटर और तेलंगाना के मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन और प्रोफेसर एम. कोदंडा राम रेड्डी ने सोमवार को राज्य विधान परिषद (MLC) के सदस्य के रूप में शपथ ली। तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कांग्रेस नेता अजहरुद्दीन और तेलंगाना जन समिति (TJS) के संस्थापक कोदंडा राम रेड्डी को नामित किया। विधान परिषद के सभापति गुथा सुखेंद्र रेड्डी ने दोनों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के बाद मोहम्मद अजहरुद्दीन ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ का आभार जताया। उन्होंने कहा, “मैं ईश्वर का धन्यवाद करता हूं और मुख्यमंत्री का भी आभारी हूं कि उन्होंने मुझे यह अवसर दिया। मैंने पार्टी के लिए कड़ी मेहनत की है और आगे भी राज्य तथा अल्पसंख्यकों के विकास के लिए काम करता रहूंगा।”
गौरतलब है कि अजहरुद्दीन को पिछले साल अक्टूबर में मंत्री बनाया गया था। नियमों के अनुसार, मंत्री बनने के छह महीने के भीतर उन्हें विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना जरूरी था, जिसकी समय सीमा 30 अप्रैल तक थी। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी इस शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहे। मोहम्मद अजहरुद्दीन भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रह चुके हैं और वर्तमान में राज्य सरकार में सार्वजनिक उपक्रम और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हैं। उन्होंने 2009 में कांग्रेस जॉइन की थी और मुरादाबाद से सांसद भी चुने गए थे। 2018 में उन्हें तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। वहीं, कोदंडा राम रेड्डी ने मार्च 2018 में तेलंगाना जन समिति की स्थापना की थी। वे तेलंगाना जॉइंट एक्शन कमेटी (TJAC) के सदस्य भी रहे, जिसने अलग तेलंगाना राज्य के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वे राजनीति विज्ञान के सेवानिवृत्त प्रोफेसर हैं।