Breaking News

‘डायरेक्ट डील अभी नहीं’, पाकिस्तान बोला- US-ईरान के बीच सहमति बनेगी तब ही होगा समझौता     |   संदिग्ध समुद्री डाकुओं ने सोमालिया के पास सीमेंट ले जा रहे जहाज को हाईजैक किया     |   व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ की इस सप्ताह राष्ट्रपति की सुरक्षा प्रोटोकॉल पर बैठक     |   नासिक TCS केस: आरोपी निदा खान की अग्रिम जमानत पर सुनवाई 2 मई तक टली     |   WB: MP मिताली बाग पर हमला करने वाले BJP के गुड़ों को अभिषेक बनर्जी ने चेतावनी दी     |  

Share Market: तीन दिन बाद शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 639 अंक चढ़ा

Share Market: वैश्विक संकेतों में सुधार और प्रमुख कंपनियों में खरीदारी के चलते घरेलू शेयर बाजारों में तीन दिन की गिरावट के बाद सोमवार को तेजी लौट आई जिससे सेंसेक्स और निफ्टी करीब एक फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

रिलायंस इंडस्ट्रीज और सन फार्मा के शेयरों में जोरदार खरीदारी से मानक सूचकांकों में उछाल देखा गया। इसके अलावा ईरान और अमेरिका के बीच तनाव घटने के संकेतों ने भी धारणा को मजबूती दी। इस बीच, वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 2.5 फीसदी से अधिक बढ़कर करीब 108 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 639 अंक बढ़कर 77,303 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 194 अंक चढकर करीब 24,092 पर बंद हुआ। सेंसेक्स बाजार में सन फार्मा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अडाणी पोर्ट्स, टेक महिंद्रा और महिंद्रा एंड महिंद्रा बढ़त में शेयर रहे, जबकि एक्सिस बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, ट्रेंट लिमिटेड, आईसीआईसीआई बैंक और इटरनल लिमिटेड सबसे ज्यादा गिरे।

क्षेत्रीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवा, रियल एस्टेट, आईटी, बिजली, धातु, उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुएं, ऑटो और तेल एवं गैस शेयरों की अगुवाई में सभी सूचकांक मजबूत बने रहे। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट बढ़त जबकि हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए।

यूरोप के बाजार सोमवार को मुनाफे में कारोबार कर रहे थे। ज्यादातर अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को करीब 8,828 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।