Breaking News

कर्नाटक संकट: बैठक के बाद केसी वेणुगोपाल बोले- आज राज्यसभा और MLC चुनाव पर चर्चा हुई     |   कर्नाटक संकट को लेकर दिल्ली में जारी कांग्रेस की बैठक खत्म     |   कर्नाटक संकट: कांग्रेस नेताओं के साथ जारी है राहुल गांधी की बैठक     |   नई दिल्ली: कांग्रेस मुख्यालय में खड़गे और केसी वेणुगोपाल से मुलाकात कर रहे हैं राहुल गांधी     |   अलीगढ़: अकराबाद में NH-34 पर ट्रक ने दूसरे ट्रक को टक्कर मारी, तीन की मौत, तीन घायल     |  

पीएम मोदी राष्ट्र के प्रति समर्पित दूरदर्शी नेता, उन्हें हर पल देश के लिए जीते देखा: शिवराज सिंह चौहान

New Delhi: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्र के प्रति समर्पित ‘‘दूरदर्शी’’ नेता बताया और कहा कि उन्होंने अपने 35 वर्षों के जुड़ाव के दौरान उन्हें ‘‘हर पल’’ देश के लिए जीते हुए देखा है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने मोदी के साथ अपने लंबे संबंधों का वर्णन करने वाली अपनी पुस्तक ‘अपनापन’ के विमोचन के अवसर पर कहा कि राष्ट्र के विकास के प्रति प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता और लोगों के साथ उनका भावनात्मक जुड़ाव उन्हें गहराई से प्रभावित करता है।

मंत्री ने कहा, ‘‘जीवन में कभी-कभी आपको ऐसे व्यक्ति के साथ काम करने का अवसर मिलता है जिसे दुनिया नेता कहती है, लेकिन वास्तव में वह एक साधक और सरल हृदय मनुष्य होता है। नरेंद्र मोदी ऐसे ही एक व्यक्ति हैं।’’ चौहान ने कहा, ‘‘उनके साथ मेरा जुड़ाव 35 वर्ष पुराना है और इन वर्षों के दौरान, मैंने उन्हें हर पल राष्ट्र के लिए जीते हुए देखा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उनके (मोदी) हृदय को राष्ट्र की प्रगति और विकास के लिए धड़कते हुए देखा है। इस देश की जनता उनकी हर सांस में बसती है।’’

मोदी के प्रौद्योगिकी प्रेम पर प्रकाश डालते हुए चौहान ने कहा कि बीजेपी नेता ने ईमेल और डिजिटल संचार के बारे में उस दौर में बात की थी, जब कई दिग्गज राजनीतिक नेता इनसे पूरी तरह अपरिचित थे। चौहान ने कहा कि मोदी जानते थे कि यदि भारत को अपने भाग्य का निर्माण करना है और एक विकसित राष्ट्र बनना है, तो प्रौद्योगिकी अनिवार्य होगी।

मोदी को दूरदर्शी नेता बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कई अन्य लोगों से बहुत पहले सोशल मीडिया और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के महत्व को समझ लिया था। चौहान ने कहा, ‘‘वह (मोदी) दूरदृष्टि रखते हैं तथा भविष्य का अनुमान लगा सकते हैं, और समय से पहले ही तैयारियां कर लेते हैं। बाद में, हमने न केवल ईमेल आईडी और कंप्यूटरों का महत्व देखा, बल्कि यह भी देखा कि वह प्रौद्योगिकी का उपयोग कैसे करते हैं और सोशल मीडिया के महत्व को समझते हैं, जबकि मेरे जैसे कार्यकर्ता सोशल मीडिया को अर्थहीन मानते थे।’’

चौहान ने कहा कि मोदी ने एक बार उनसे कहा था कि वह मध्यप्रदेश के हर विधायक और सांसद को सूचित करें कि यदि सोशल मीडिया पर उनके 50,000 से कम ‘फॉलोअर्स’ हैं, तो उनका चुनाव टिकट खतरे में पड़ सकता है। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘एआई के क्षेत्र में भी नरेंद्र भाई एक दूरदर्शी और कल्पनाशील व्यक्ति हैं। उन्होंने एआई शिखर सम्मेलन आयोजित किया और दुनिया भर के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उनमें (मोदी) प्रौद्योगिकी के माध्यम से देश को बदलने का जुनून देखा है।’’

कोविड-19 महामारी को याद करते हुए चौहान ने कहा कि मोदी में संकटों को अवसरों में बदलने की क्षमता है। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग आपदाओं में अवसर तलाशते हैं, लेकिन नरेंद्र भाई आपदाओं को अवसरों में बदल देते हैं।’’ चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहने के दौरान जब वह कोरोना वायरस से संक्रमित हुए, तो प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें फोन किया था।

कृषि मंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने (मोदी) स्नेहपूर्वक मुझसे अपने परिवार और स्वयं का ध्यान रखने को कहा, मुझसे पूछा कि मैं कौन सी दवाइयां ले रहा हूं और प्राणायाम जारी रखने की सलाह दी। भला कौन इतना सबकुछ करता है?’’ चौहान ने एक अन्य घटना को याद करते हुए कहा कि मोदी प्रशंसा से ज्यादा काम को महत्व देते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘एक बार एक बैठक के दौरान मैंने यूं ही उनके काम की प्रशंसा की थी। मैंने उनसे कहा था कि पहले लोग उनका सम्मान करते थे, लेकिन अब देश के लिए किए जा रहे उनके काम ने उनके प्रति गहरी श्रद्धा पैदा कर दी है।’’

कृषि मंत्री ने कहा, ‘‘मोदी जी ने तुरंत मुझसे कहा: ‘शिवराज, मैं नेताओं की तरह तारीफ से खुश नहीं होता। मैं सिर्फ काम से खुश होता हूं। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ देश के लिए काम करना चाहते हैं।’’