मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में कुएं के निर्माण के दौरान मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। यह हादसा अजयगढ़ विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत बेहरपुरवा के नयापुरवा गांव में हुआ, जहां मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) के तहत एक पुराने कुएं का निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई, जिसकी चपेट में मजदूर आ गए।
घटना को लेकर भाजपा सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने गहरा दुख जताया और इसे बेहद दुखद हादसा बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा, “मनरेगा के तहत पुराने कुएं का निर्माण हो रहा था और वहां मजदूर काम कर रहे थे। यह बेहद दुखद घटना है। ऐसे समय में हम सभी पीड़ित परिवारों और मजदूरों के साथ खड़े हैं। मैंने मुख्यमंत्री से भी बात की है।”
उन्होंने बताया कि उन्होंने कलेक्टर और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा की है तथा प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया है। सांसद ने कहा कि प्रभावित परिवारों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा, “मेरे संसदीय क्षेत्र में हुई इस दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं। प्रशासन और सरकार हरसंभव मदद करने का प्रयास कर रहे हैं।” फिलहाल हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।