मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार सुबह भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। पदना गांव में उफनते नाले पर बने पुल को पार करने की कोशिश के दौरान एक ओमनी वैन तेज पानी के बहाव में बह गई। हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। वहीं, दो लोगों को स्थानीय ग्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति की तलाश अभी जारी है। बताया गया कि सभी लोग देवास जिले के सतवास के रहने वाले थे और कलावट स्थित एक धार्मिक स्थल पर दर्शन-पूजन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पदना गांव के पास यह हादसा हुआ।
सारंगपुर के एसडीएम रोहित बामहोर के मुताबिक, इलाके में रविवार रात से ही भारी बारिश हो रही थी। लगातार बारिश के कारण करीब 40 से 45 गांवों में जलभराव की स्थिति बन गई थी। सोमवार सुबह करीब 9 बजे प्रशासन को सूचना मिली कि पदना गांव में एक वाहन पुल से नीचे बह गया है।सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
प्रशासन के मुताबिक, हादसे से पहले स्थानीय लोगों ने चालक को उफनते पुल को पार नहीं करने की सलाह दी थी। ग्रामीणों ने उसे पानी के तेज बहाव को देखते हुए वाहन आगे ले जाने से रोकने की कोशिश भी की, लेकिन चालक ने उनकी चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। एसडीएम रोहित बामहोर ने बताया कि पुल के ऊपर से पानी बह रहा था। इसके बावजूद चालक ने वाहन को पुल से निकालने की कोशिश की, जिसके बाद तेज बहाव के कारण वैन पुल से नीचे गिर गई।
एसडीएम के अनुसार, वाहन में कुल 11 लोग सवार थे और सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दो लोगों को बचा लिया। अब तक नौ लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक व्यक्ति की तलाश जारी है। प्रशासन के मुताबिक, मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। वाहन मुकेश चौहान के नाम पर पंजीकृत था और वही इसे चला रहे थे।
हादसे के बाद प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। एसडीएम रोहित बामहोर ने बताया कि मुख्यमंत्री और कलेक्टर के निर्देशों के अनुसार परिवार को 6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। फिलहाल प्रशासन और बचाव दल की टीमें मौके पर मौजूद हैं और लापता व्यक्ति की तलाश के लिए अभियान जारी है।