Breaking News

संत संसद में अमर शहीदों को दी गई श्रद्धाजंलि     |   संत कर रहे अलग- अलग विषयों पर मंथन     |   देश भर के लोग देख रहे संत संसद     |   थोड़ी देर में पहुंचेगे सीएम भजनलाल शर्मा     |   गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम संत संसद में मौजूद     |  

पाकिस्तान में केरोसीन महंगा, जेट फ्यूल कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर

पाकिस्तान में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों को लेकर एक बार फिर बड़ा फैसला लिया गया है। केंद्र सरकार ने केरोसीन तेल की कीमत में 4.66 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है, जिसके बाद इसकी नई कीमत 433.40 रुपये प्रति लीटर हो गई है। यह नई दर 28 मार्च से लागू हो गई है। हालांकि, सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। पेट्रोल की कीमत 321.17 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 335.86 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर रखी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, यह कदम अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव से आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए उठाया गया है।

सरकार आंशिक रूप से कीमतों का बोझ भी वहन कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार, पेट्रोल पर 95.59 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 203.88 रुपये प्रति लीटर की राशि तेल विपणन कंपनियों को दी जा रही है। इस बीच, पाकिस्तान में जेट फ्यूल की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। बीते 28 दिनों में पांचवीं बार जेट ईंधन महंगा किया गया है। हालिया बढ़ोतरी के बाद जेट फ्यूल की कीमत 476.97 रुपये प्रति लीटर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। 1 मार्च से अब तक इसकी कीमत में करीब 288 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है।

जेट फ्यूल की बढ़ती कीमतों का सीधा असर हवाई यात्रा पर पड़ रहा है। एयरलाइंस ने टिकटों के दाम बढ़ा दिए हैं। घरेलू उड़ानों में कराची-इस्लामाबाद और कराची-लाहौर जैसे रूट्स पर किराया 40,000 रुपये तक पहुंच गया है, जबकि ‘चांस सीट’ टिकटों में 150 फीसदी तक की बढ़ोतरी देखी गई है।अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के किराए भी काफी बढ़ गए हैं, जहां मिडिल ईस्ट, टोरंटो, पेरिस और मैनचेस्टर जैसे गंतव्यों के लिए टिकट 3 लाख से 7 लाख रुपये तक पहुंच गए हैं। ईंधन की बढ़ती कीमतों और टैक्स में बढ़ोतरी का असर देश की महंगाई पर भी साफ दिख रहा है। परिवहन खर्च बढ़ने के कारण फल-सब्जियों और रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों में भी इजाफा हो रहा है, जिससे आम जनता पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है।