Breaking News

मुंबई: ED ने BJP नेता से जुड़े फॉरेस्ट लैंड स्कैम में 17.74Cr की प्रॉपर्टी अटैच की     |   आईएएस अशोक कुमार दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी बने, आर एलिश वाज की जगह लेंगे     |   BJP का अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार पटना स्थित प्रदेश कार्यालय पहुंचे     |   बांग्लादेश EC ने चुनाव के दिन मतदान केंद्रों के 400 गज दायरे में मोबाइल बैन किया     |   दिल्ली: शास्त्री पार्क इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर ₹80 लाख की लूट की     |  

Haryana: आतंकवाद के आरोपी अब्दुल रहमान की हत्या, साथी कैदी ने धारदार हथियार से किया वार

Haryana: फरीदाबाद जिले की नीमका जेल में बंद आतंकवाद के आरोपी अब्दुल रहमान की कारागार परिसर में झड़प के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को ये जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हाल में जम्मू कश्मीर से इस जेल में स्थानांतरित किये गए अरुण चौधरी नाम के एक कैदी ने रहमान की कथित तौर पर हत्या कर दी।

जेल में रविवार रात दो कैदियों के बीच विवाद होने के बाद ये घटना हुई। जम्मू कश्मीर निवासी चौधरी ने रहमान पर धारदार हथियार से वार किया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दोनों कैदियों के बीच हुई झड़प के घटनाक्रम का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

उत्तर प्रदेश के फैजाबाद जिले के मिल्कीपुर निवासी रहमान 2025 में अपनी गिरफ्तारी के बाद से जेल में बंद था। उसे गुजरात आतंकवाद-रोधी दस्ता और हरियाणा पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने फरीदाबाद के पास पाली गांव से पकड़ा था।

रहमान के खिलाफ फरीदाबाद के डबुआ थाने में प्राथमिकी दर्ज थी। उसकी गिरफ्तारी के समय, अधिकारियों ने बताया था कि रहमान अयोध्या में विस्फोट को अंजाम देने की साजिश में शामिल था। एसटीएफ के एक अधिकारी ने बताया था कि उसके तार पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने का संदेह है।

सूत्रों ने बताया था कि हरियाणा एसटीएफ को सूचना मिली थी कि एक ‘स्लीपर सेल’ रहमान की सहायता कर रहा होगा क्योंकि वे उसे हथगोला मुहैया करा रहे थे। हालांकि, रहमान के माता-पिता ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि वे किसी भी आतंकी गतिविधि में शामिल नहीं था।