Breaking News

मुंबई: ED ने BJP नेता से जुड़े फॉरेस्ट लैंड स्कैम में 17.74Cr की प्रॉपर्टी अटैच की     |   आईएएस अशोक कुमार दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी बने, आर एलिश वाज की जगह लेंगे     |   BJP का अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार पटना स्थित प्रदेश कार्यालय पहुंचे     |   बांग्लादेश EC ने चुनाव के दिन मतदान केंद्रों के 400 गज दायरे में मोबाइल बैन किया     |   दिल्ली: शास्त्री पार्क इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर ₹80 लाख की लूट की     |  

Delhi: बवाना औद्योगिक क्षेत्र में व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Delhi: उत्तरी दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार दोपहर को एक औद्योगिक इकाई के बाहर अज्ञात हमलावरों ने 35 वर्षीय एक व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने ये जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक तीन से चार हथियारबंद लोग मोटरसाइकिल पर आए और पीड़ित प्लास्टिक व्यापारी पर कई राउंड गोलियां चलाईं।

व्यापारी ने कथित तौर पर अपनी जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और लगातार गोलियां चलाते रहे। पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी दोपहर करीब 12:51 बजे तब मिली, जब महाराजा अग्रसेन अस्पताल ने पुलिस को सूचना दी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “मृतक की पहचान वैभव गांधी के रूप में हुई है, जो बावना के औद्योगिक क्षेत्र का निवासी था। सूचना मिलते ही पुलिस दल अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचा।” अधिकारी ने आगे बताया कि घटनास्थल का मुआयना मोबाइल क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम ने किया। आगे की फोरेंसिक जांच के लिए घटनास्थल से कई नमूने जब्त किए गए।

अधिकारी ने कहा “प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि पीड़ित को गोली लगी थी और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूरी घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।” पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

अधिकारी ने आगे कहा, "हम हमलावरों की पहचान करने और हत्या से पहले की घटनाओं का क्रम समझने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर रहे हैं। घटना से पहले और बाद में आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाने के लिए आस-पास की फैक्ट्रियों और सड़कों के फुटेज की भी जांच की जा रही है।"

ऑपरेशन विंग की विशेष इकाइयों सहित कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है और उन्हें संभावित ठिकानों पर छापेमारी करने और इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार करने के लिए भेजा गया है। पुलिस ने कहा कि हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें यह भी शामिल है कि क्या यह व्यापारिक प्रतिद्वंद्विता, व्यक्तिगत दुश्मनी या किसी अन्य विवाद से संबंधित थी।