Breaking News

‘पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बंपर वोटिंग, हमारी जीत का संकेत’, बोलीं CM ममता     |   शाम 5 बजे तक पश्चिम बंगाल में 89.93 फीसदी, तमिलनाडु में 82.24 प्रतिशत वोटिंग     |   WB चुनाव: दुबराजपुर सीट के बूथ नंबर 65 पर मतदाताओं ने CRPF जवानों पर पत्थरबाजी की     |   SIR के विरोध में बंगाल में बंपर वोटिंग: सीएम ममता बनर्जी     |   स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बिना किसी प्रतिबंध या टोल के खुला रखा जाना चाहिए: जर्मन सरकार     |  

"मुझ पर अचानक हमला हुआ, एडिशनल SP को सस्पेंड किया जाए": हुमायूं कबीर

आम जनता उन्नयन पार्टी (AUJP) के संस्थापक हुमायूं कबीर ने गुरुवार को आरोप लगाया कि मुर्शिदाबाद के नाउदा इलाके में कच्चे बम की घटना के बाद दौरा करने के दौरान उन पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) समर्थकों ने “अचानक हमला” कर दिया। हुमायूं कबीर ने पश्चिम बंगाल पुलिस पर उनके समर्थकों को चुन-चुनकर निशाना बनाने का आरोप लगाया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Additional SP) मजीद खान को निलंबित करने की मांग की, उन्हें “TMC का दलाल” बताया।

हुमायूं कबीर ने कहा, “जनता TMC को जवाब देगी। TMC की गुंडागर्दी 4 मई 2026 को खत्म होगी। मुझ पर अचानक हमला किया गया। जब मेरे लोग कार्रवाई के लिए इकट्ठा हुए तो पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। Additional SP मजीद खान को सस्पेंड किया जाना चाहिए। वही असली अपराधी और TMC के दलाल हैं।”

वहीं, नाउदा के TMC ब्लॉक अध्यक्ष सोफियुज्जमान शेख ने हुमायूं कबीर पर मतदान प्रक्रिया को बाधित करने और गुंडागर्दी फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “हुमायूं कबीर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। चुनाव के दिन वह 15 गाड़ियों में असामाजिक तत्वों और FIR दर्ज अपराधियों के साथ आए। वे हमारे पोलिंग एजेंट्स को हटाने की कोशिश कर रहे थे। हमने विरोध किया और शिकायत भी की, लेकिन चुनाव आयोग या पुलिस प्रशासन ने संतोषजनक कार्रवाई नहीं की।”

उन्होंने आगे कहा, “किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया, न ही किसी को हिरासत में लिया गया। हम उन्हें नाउदा में खुलेआम घूमने नहीं देंगे। यह हमारी खुली चेतावनी है कि वह यहां न घूमें, वरना हम उन्हें रोकेंगे।” इस बीच, TMC और हुमायूं कबीर के समर्थकों के बीच गुरुवार को हिंसक झड़प भी हुई, जिसमें दोनों पक्षों ने लाठियों और पत्थरों का इस्तेमाल किया और सड़क किनारे खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाया। सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और भीड़ को तितर-बितर कर दिया।

यह हिंसा उस समय भड़की जब हुमायूं कबीर नाउदा इलाके का दौरा करने पहुंचे, जहां बुधवार रात पहले चरण के मतदान से पहले कच्चे बम फेंके गए थे। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, यह घटना रात 8:00 से 8:30 बजे के बीच हुई, जिसमें एक महिला घायल हो गई। लोगों में डर का माहौल बना हुआ है और दोबारा हिंसा की आशंका जताई जा रही है। बता दें कि पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। चुनाव आयोग (ECI) के अनुसार, पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान हो रहा है, जबकि दूसरे चरण में 142 सीटें शामिल हैं। इस चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार मैदान में हैं और मतगणना 4 मई को होगी।