Breaking News

गलत इरादे से हुआ बयान का इस्तेमाल: कॉकरोच वाले बयान पर बोले CJI सूर्यकांत     |   PM पर राहुल गांधी का बयान निम्नस्तरीय और निंदनीय, व्यक्तिगत पीड़ा हुई: राजनाथ सिंह     |   उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने चमोली टनल हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया     |   जुलाई में थोक मूल्य महंगाई में गिरावट, जुलाई में 0.9% घटकर 9.78 फीसदी रही     |   आरजी कर रेप-मर्डर केस: पूर्व TMC MLA निर्मल घोष पर पुलिस स्टेशन के बाहर भीड़ का हमला     |  

जापान में भारी बारिश से बाढ़, चार लोगों की मौत

जापान के टोक्यो के पूर्वी इलाकों में रातभर हुई भारी बारिश के कारण आई बाढ़ में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति लापता है। बाढ़ के कारण सड़कों और कई घरों में पानी भर गया, बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और हजारों लोग प्रभावित इलाकों में फंस गए। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने शुक्रवार सुबह बारिश की तीव्रता कम होने के बाद चिबा प्रांत के 12 से अधिक नगर निकायों के लिए जारी भारी बारिश की सबसे गंभीर चेतावनी का स्तर घटा दिया।

हालांकि, दिन में बाद में फिर भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। सुबह सामने आई तस्वीरों और समाचार चैनलों पर प्रसारित वीडियो में बाढ़ से हुए व्यापक नुकसान का पता चला। कई घर और वाहन पानी में डूबे दिखाई दिए, जबकि रेल पटरियां भी जलमग्न हो गईं। ‘ग्राउंड सेल्फ-डिफेंस फोर्स’ ने बताया कि उसने सोगा रेलवे स्टेशन पर फंसे करीब 4,000 लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए बसें भेजी हैं। यह स्टेशन स्थानीय रेल मार्ग पर स्थित है, जो टोक्यो डिज्नी क्षेत्र से भी जुड़ा है। थीम पार्क को किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।

टोक्यो क्षेत्र के नरीता हवाई अड्डे पर भी हजारों यात्री फंसे रहे, क्योंकि क्षेत्र से बाहर जाने वाली रेल सेवाएं रोक दी गई थीं। सैकड़ों लोगों ने रातभर चिबा प्रांतीय सरकार के भवन में शरण ली। प्रांतीय अधिकारियों ने बताया कि चार लोगों की मौत हुई है और एक व्यक्ति लापता है। मौतें इचिकावा, साकुरा और कशिवा शहरों में हुई हैं।

चिबा के अधिकारियों के अनुसार, प्रांत में 80 से अधिक घरों में पानी भर गया है और करीब 2.30 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। ‘टेपको पावर ग्रिड’ के अनुसार, मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण शुक्रवार सुबह करीब 23,000 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। चिबा शहर में केवल एक घंटे में 11.5 सेंटीमीटर, जबकि साकुरा में 9.7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। दोनों स्थानों पर एक घंटे में हुई बारिश का यह अब तक का रिकॉर्ड है।