Breaking News

ट्रंप G7 में UAE, कतर और मिडिल ईस्ट के अन्य नेताओं से मुलाकात करेंगे     |   राम मंदिर दान प्रकरण: मंडलायुक्त की अध्यक्षता में SIT गठित, 15 दिन में सौंपनी होगी रिपोर्ट     |   राम मंदिर दान प्रकरण: मंडलायुक्त की अध्यक्षता में SIT गठित, 15 दिन में सौंपनी होगी रिपोर्ट     |   अमेरिकी सेना ने ईरान के हमलावर ड्रोन मार गिराए     |   9 जुलाई को मशहद में दफनाए जाएंगे खामेनेई, 4 जुलाई से शुरू होंगे अंतिम संस्कार कार्यक्रम     |  

FIFA World Cup 2026 शुरू होते ही बदला Google का होमपेज, रोज दिखेंगे नए डूडल

फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत के साथ ही गूगल ने अपने होमपेज पर खास इंटरैक्टिव डूडल लॉन्च किए हैं। फुटबॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट के जश्न को मनाने के लिए गूगल ने अपने पारंपरिक लोगो की जगह फुटबॉल थीम पर आधारित एनिमेटेड डूडल दिखाने शुरू कर दिए हैं। 11 जून को टूर्नामेंट के आगाज के मौके पर गूगल ने पहला डूडल "द वॉली" पेश किया, जिसमें फुटबॉल की लोकप्रिय तकनीक को दर्शाया गया। इसके अगले दिन "द नटमेग" डूडल जारी किया गया, जिसमें खिलाड़ी द्वारा गेंद को प्रतिद्वंद्वी के पैरों के बीच से निकालने की शानदार कला दिखाई गई।

गूगल ने बताया है कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान हर दिन नए डूडल दिखाए जाएंगे, ताकि फुटबॉल प्रेमियों को रोजाना नया अनुभव मिल सके। इसके अलावा गूगल ने इस बार टूर्नामेंट के तीन मेजबान देशों—अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा—के लिए विशेष लोकलाइज्ड डूडल भी तैयार किए हैं। इन डूडल्स में संबंधित देशों के फुटबॉल इतिहास और उनकी पहचान को दर्शाया गया है। डूडल पर क्लिक करने पर यूजर्स एक खास फीफा वर्ल्ड कप हब पर पहुंचेंगे, जहां उन्हें मैचों के लाइव स्कोर, ग्रुप स्टैंडिंग, पूरा शेड्यूल और टूर्नामेंट से जुड़ी प्रमुख जानकारियां एक ही जगह मिलेंगी।

 फीफा वर्ल्ड कप 2026 कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है। पहली बार टूर्नामेंट में 32 की जगह 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं। अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस विश्व कप में कुल 104 मैच खेले जाएंगे, जो पिछले संस्करण के 64 मैचों से काफी अधिक हैं। नई व्यवस्था के तहत 48 टीमों को 12 समूहों में बांटा गया है। प्रत्येक टीम ग्रुप चरण में तीन मैच खेलेगी। हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें और सर्वश्रेष्ठ आठ तीसरे स्थान की टीमें नॉकआउट चरण में पहुंचेंगी। इसके बाद पहली बार राउंड ऑफ-32 का मुकाबला भी खेला जाएगा। फुटबॉल के इस महाकुंभ के साथ गूगल का यह खास डूडल अभियान दुनियाभर के करोड़ों प्रशंसकों के उत्साह को और बढ़ाने का काम कर रहा है।