पाक महीने रमजान खत्म होने के साथ ईद-उल-फित्र का त्योहार शनिवार को देश भर में मनाया गया। इस दिन खास नमाज अदा करने के लिए देश भर के कस्बों और शहरों में मस्जिदों और ईदगाहों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जम्मू में, इस मौके पर विशेष नमाज अदा करने के लिए शहर की ईदगाह में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए। पूरा माहौल उत्साह से सराबोर था। नमाजियों ने शांति और समृद्धि के लिए दुआएं मांगते हुए एक-दूसरे को मुबारकबाद दी।
उत्तराखंड के हल्द्वानी में भी ऐसे ही तस्वीरें देखने को मिलीं। हजारों लोग मशहूर मंगल पड़ाव ईदगाह में ईद-उल-फित्र की नमाज अदा करने के लिए पहुंचे। नमाज के बाद उन्होंने एक-दूसरे का गर्मजोशी से अभिवादन किया और ईद की मुबारकबाद दी। दिल्ली के ऐतिहासिक जामा मस्जिद में ईद की नमाज अदा करने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।
नमाज के बाद हर उम्र के नमाजियों ने एक-दूसरे को गले लगाया। ये एकता और भाईचारे का प्रतीक है। ईद का त्योहार यही पैगाम देता है। इससे पहले दिल्ली के कई इलाकों में हुई हल्की बारिश और धुंध ने ईद का माहौल खास बना दिया। कई लोग कहते दिखे कि उन्होंने ईद के मौके पर ऐसा मौसम शायद ही कभी देखा हो।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में भी ईद की रौनक दिख रही है। शहर की शाहजमाल ईदगाह में नमाज़ियों ने नमाज अदा की। आध्यात्मिक नगरी वाराणसी के ऐतिहासिक जामा मस्जिद में बड़ी संख्या में लोग ईद की नमाज अदा करने के लिए पहुंचे। लोगों ने पूरी आस्था के साथ त्योहार मनाते हुए देश में अमन-चैन और भाईचारे के लिए दुआएं मांगीं।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी नमाज अदा करने के लिए ईदगाह पर भारी भीड़ उमड़ी। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी ईद का जश्न पूरे जोश के साथ मनाया जा रहा है। लोगों ने शांतिपूर्ण और सौहार्द के साथ रमजान का पवित्र माह पूरा होने पर संतोष जताया और सभी की खुशहाली की कामना की।
मुंबई में, मुंबई सेंट्रल के पास वाईएअमसीए मोहम्मद हुसैन ग्राउंड और मशहूर मीनारा मस्जिद में हजारों लोग ईद की नमाज अदा करने के लिए पहुंचे।
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में, लोग रेड रोड ग्राउंड पर ईद-उल-फित्र की खास नमाज अदा करने पहुंचे। पूरे शहर में उत्सव का माहौल था। लोग एक-दूसरे को त्योहार की बधाई दे रहे थे। दक्षिणी राज्य तमिलनाडु में भी ईद का उत्साह दिखा। चेन्नई में खास नमाज अदा की गई, जबकि तिरुचिरापल्ली में मराक्काडाई के एक निजी स्कूल के मैदान में बड़ी संख्या में नमाजियों ने नमजा अदा की।
देश भर में मनाई गई ईद-उल-फित्र, मस्जिदों और ईदगाह में अदा की गई खास नमाज
You may also like
‘धुरंधर: द रिवेंज’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, 3 दिन में 300 करोड़ पार.
छत्तीसगढ़ में खल्लारी माता मंदिर रोपवे हादसा, केबल टूटने से महिला की मौत, 7 घायल.
चैत्र नवरात्रि में वैष्णो देवी धाम पर उमड़ा जनसैलाब, 30 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे कटरा.
देश भर में मनाई गई ईद-उल-फित्र, मस्जिदों और ईदगाह में अदा की गई खास नमाज.