दिल्ली पुलिस की रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी एक टारगेट किलिंग की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को विदेश में बैठे गैंग के नेटवर्क से लगातार जानकारी और निर्देश मिल रहे थे। इसी के आधार पर वे हत्या की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। गिरफ्तार तीनों आरोपी दिल्ली के कई आपराधिक मामलों में वांछित हैं और पहले भी टारगेट शूटिंग की घटनाओं में शामिल रह चुके हैं।
पिछले सप्ताह हरियाणा के बहादुरगढ़ में दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में लॉरेंस बिश्नोई-हैरी बॉक्सर गैंग के दो कथित शूटर प्रवेश और हिमांशु पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे। दोनों पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वे 11 जून को हिसार के हांसी में जिम ट्रेनर कपिल की हत्या के मामले में वांछित थे।
इन गिरफ्तारियों के बीच लॉरेंस बिश्नोई गैंग और उसके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर भी जांच तेज हो गई है। हाल ही में अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने गैंग से जुड़े सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर 50 हजार अमेरिकी डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है। FBI के अनुसार, गोल्डी बराड़ अमेरिका में रहकर उत्तर अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई के आपराधिक नेटवर्क का नेतृत्व कर रहा है। उस पर जबरन वसूली, संगठित अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े गंभीर आरोप हैं।
इसके अलावा, अमेरिकी न्याय विभाग ने हाल ही में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ पर 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या समेत कई संगठित आपराधिक गतिविधियों में कथित भूमिका को लेकर भी आरोप लगाए हैं।हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आरोपपत्र केवल आरोप हैं और अदालत में दोष साबित होने तक सभी आरोपी कानून की नजर में निर्दोष माने जाएंगे।