Breaking News

ईरान-US-इजरायल युद्ध: फ्रांस लाल सागर में 2 जंगी जहाज भेजेगा- राष्ट्रपति मैक्रों     |   महाराष्ट्र: अंबरनाथ में गणेश केमिकल कंपनी में भीषण आग, किसी के हताहत की खबर नहीं     |   लोकसभा स्पीकर हटाने के प्रस्ताव पर BJP से अमित शाह-किरेन रिजीजू समेत 8 नेता बोलेंगे     |   पश्चिमी एशिया युद्ध से अर्थव्यवस्था को नुकसान, LPG की कीमतें बढ़ीं: राहुल गांधी     |   समाजवादी पार्टी असम विधानसभा चुनाव में पांच सीटों पर इलेक्शन लड़ेगी     |  

Jammu Kashmir: कांग्रेस ने जम्मू में प्रदर्शन किया, पीएम मोदी के इस्तीफे की मांग की

Jammu Kashmir: कांग्रेस की जम्मू कश्मीर इकाई ने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ सोमवार को पार्टी मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमेरिका के समक्ष आत्मसमर्पण करने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने जम्मू कश्मीर को जल्द से जल्द राज्य का दर्जा देने की भी मांग की।

कांग्रेस के कई कार्यकर्ता और नेता रेजिडेंसी रोड स्थित शहीदी चौक पर पार्टी मुख्यालय के बाहर एकत्र हुए, लेकिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में तैनात पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। पार्टी कार्यकर्ता "राज्य का दर्जा बहाल करो" और "हमारी रियासत हमारा हक" लिखे हुए पोस्टर लिए हुए थे और मोदी सरकार और प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ नारे लगाए।

इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी मौजूद थीं। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कर्रा ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने "भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नष्ट कर दिया है" और उन संस्थानों को कमजोर कर दिया है जो कभी देश की विदेश नीति को परिभाषित करते थे।

उन्होंने आरोप लगाया, "भारत गुटनिरपेक्ष आंदोलन और दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) जैसे क्षेत्रीय सहयोग मंचों का समर्थक रहा है, लेकिन आज देश की छवि धूमिल हो गई है। प्रधानमंत्री के आचरण ने पद की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचाई है।"

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वैश्विक शक्तियों के साथ अपने व्यवहार में भारत के हितों से समझौता कर रही है। उन्होंने कहा, "वे (अमेरिका) तो इस बात पर भी शर्तें थोप रहे हैं कि भारत को रूस से तेल खरीदना चाहिए या नहीं। हमारे व्यापार और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े ऐसे फैसले दूसरे देशों द्वारा तय नहीं किए जा सकते।"

कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री पर अंतरराष्ट्रीय मामलों में "पूरी तरह से आत्मसमर्पण" करने का आरोप लगाया और पार्टी की इस मांग को दोहराया कि पीएम मोदी इस्तीफा दें। विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने विरोध के प्रतीक के रूप में अमेरिका और इजराइल के झंडे भी जलाए।