Gujarat: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दावा किया कि बीजेपी ने अपने 30 साल के शासन में गुजरात को पूरी तरह से लूट लिया और उस पर सवाल उठाने वालों पर अत्याचार किए। पार्टी के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य के लोगों से आम आदमी पार्टी को वोट देकर बदलाव लाने का आग्रह किया।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, “बीजेेपी अहंकार से भरी हुई है और सुशासन पर सवाल उठाने वालों पर अत्याचार करती रही है। बीजेपी ने पिछले 30 साल से गुजरात पर शासन किया है। इस दौरान उसने गुजरात को पूरी तरह से लूट लिया है। उन्होंने सब कुछ हड़प लिया। अगर कोई आवाज उठाता है, तो उसे अत्याचारों का शिकार होना पड़ता है, झूठे मामलों में जेल में डाल दिया जाता है।”
उन्होंने आगे कहा, “पिछले साल हद्दाद गांव में हुए अत्याचारों को लेकर किसान बीजेपी से नाराज हैं और चुनाव में बदला लेना चाहते हैं। वो 2027 के विधानसभा चुनावों में पूरे गुजरात में बीजेपी को सबक सिखाएंगे।” उन्होंने कहा कि बीजेपी और कांग्रेस के नेताओं के विपरीत, आम आदमी पार्टी के नेता साधारण परिवारों से आते हैं, न कि राजनेताओं के परिवारों से।
केजरीवाल ने कहा, “एएपी में आपके बच्चों को टिकट मिलेगा, न कि राजनेताओं के बेटों को। इस बार गुजरात की जनता को बीजेपी या कांग्रेस को वोट देने के बजाय व्यवस्था में बदलाव लाने और अपनी सरकार बनाने का संकल्प लेना चाहिए। पंजाब में जनता की सरकार है, जहां कृषि और घरेलू उपयोग के लिए मुफ्त बिजली और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा मिलता है। अगर आपको यहां मुफ्त बिजली चाहिए, तो अपनी सरकार बनाएं।”
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में युवा जब भी सरकार से नौकरी मांगते हैं, उन्हें नकली शराब और नशीली दवाएं दी जाती हैं। उन्होंने लोगों से "जागने" और बीजेपी को वोट देना बंद करने का आग्रह किया। केजरीवाल ने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में गुजरात में 12 पुल ढह गए, लेकिन राज्य के लोग अब भी जागने को तैयार नहीं हैं।
उन्होंने गोपाल इटालिया का जिक्र करते हुए कहा, "लोगों को पूरे गुजरात में विसावदार की तरह ही सोचना चाहिए, जहां एक साधारण परिवार से आने वाला व्यक्ति आम आदमी आम आदमी का विधायक बना।" केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में हर महिला के खाते में हर महीने 1000 रुपये आएंगे और अगर जनता की सरकार बनती है तो गुजरात में भी ऐसा हो सकता है।
उन्होंने कहा, “हमें आने वाली पीढ़ी के लिए गुजरात को बचाना होगा। हमारे पूर्वजों – सरदार पटेल और महात्मा गांधी – ने संघर्ष किया और अपने प्राणों का बलिदान दिया। हम सभी को जागना होगा और जिम्मेदारी लेनी होगी। युवाओं को अपने जीवन के दो साल आम आदमी पार्टी को देने होंगे और देखना होगा कि हम गुजरात का भविष्य कैसे बदलते हैं।”