Breaking News

उत्तराखंड में 10 IAS और 20 PCS अफसरों का ट्रांसफर, कई जिलों के CDO बदले     |   दिल्ली: शास्त्री पार्क अंडरपास के पास डीटीसी बस में लगी आग     |   सऊदी अरब में हूतियों का ड्रोन अटैक, पंपिंग स्टेशन को निशाना बनाने का दावा     |   अमेरिका: ब्रुकलिन में इमारत गिरने से एक की मौत, 10 जख्मी     |   हैदराबाद: मूसी कायाकल्प का पहला चरण जल्द होगा शुरू, CM रेवंत रेड्डी का ऐलान     |  

बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड, यहां बनेगा तो देश-विदेश में मांग खुद बढ़ेगी: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब माफिया राज की जगह कानून का राज स्थापित हो चुका है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति ने प्रदेश को निवेश के लिए पसंदीदा स्थान बना दिया है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर अब उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन चुका है। जब कंपनियां यहां बुलडोजर और ट्रैक्टर बनाएंगी तो देश-विदेश में इनकी मांग अपने आप बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री गुरुवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित कर रहे थे। 100 एकड़ में बनने वाले इस प्लांट पर 1200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा। इससे प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति मिलने के साथ हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

जेवर बनेगा देश का बड़ा औद्योगिक और लॉजिस्टिक हब

सीएम योगी ने जेवर क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि कभी अपराध के कारण बदनाम रहा जेवर आज निवेश के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यीडा के विकास से यह पूरा क्षेत्र औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यहां एचसीएल-फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं विकसित हो रही हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में उद्योगों का विस्तार होगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

बीमारू राज्य से देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में पहुंचा यूपी

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में पलायन, पिछड़ापन और अराजकता बड़ी समस्याएं थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज प्रदेश उपद्रव से उत्सव प्रदेश बन चुका है। उत्तर प्रदेश ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, फियरलेस बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश डीरेग्युलेशन में देश में पहले स्थान पर है। कभी बीमारू राज्यों में गिने जाने वाला प्रदेश आज देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

साढ़े नौ वर्षों में मिले 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव

सीएम योगी ने बताया कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं, जबकि 7.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की जल्द ग्राउंड ब्रेकिंग होने जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। एमएसएमई इकाइयों की संख्या एक करोड़ तक पहुंच चुकी है और स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है। यह बदलाव प्रदेश में बेहतर औद्योगिक माहौल और निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

1200 करोड़ के निवेश से किसानों और युवाओं को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएनएच इंडस्ट्रियल का 100 एकड़ में बनने वाला ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट कृषि यंत्रीकरण और आधुनिक निर्माण को नई गति देगा। 1200 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने बताया कि देश के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 18.5 प्रतिशत है। ऐसे में इस प्लांट की स्थापना से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और कृषि उपकरणों के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सीएनएच प्रबंधन को राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया।

युवाओं को इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स बनाने पर जोर

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार तैयार किया जा रहा है। टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इंफोसिस और एचसीएल जैसी कंपनियों के सहयोग से युवाओं को स्किल ट्रेनिंग देकर इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे नए क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन क्षेत्रों में निवेश और नवाचार से युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह और तेजपाल सिंह नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह, सीएनएच की चेयरपर्सन लेडी सुजैन हेवुड और सीईओ गैरीट मार्क्स सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।