Breaking News

तमिलनाडु चुनाव: कमल हासन DMK दफ्तर पहुंचकर सीट शेयरिंग समझौते पर कर सकते हैं हस्ताक्षर     |   मिडिल ईस्ट की स्थिति पर राष्ट्रपति ट्रंप से सार्थक बातचीत हुई: PM मोदी     |   अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने PM मोदी से फोन पर की बात, मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात पर हुई चर्चा     |   2025 में पाकिस्तान सबसे प्रदूषित देशों की लिस्ट में अव्वल     |   एम्स में भर्ती हरीश राणा का निधन     |  

उज्जैन में बेगम बाग कॉलोनी पर चला बुलडोजर, 16 अवैध ढांचे ध्वस्त

मंगलवार को नगर निगम की टीम ने उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर के पास स्थित बेगम बाग कॉलोनी में कथित अवैध ढांचों और मकानों को गिराने के लिए अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार, लीज खत्म होने के बाद यह कार्रवाई की गई। प्रशासन ने करीब 11 प्लॉट्स पर बने 16 ढांचों को हटाया। इस दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया और बैरिकेडिंग के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।

उज्जैन विकास प्राधिकरण (UDA) ने 1985 में इस क्षेत्र के प्लॉट्स को 30 साल की लीज पर आवासीय उपयोग के लिए दिया था। लेकिन प्लॉट धारकों ने इनका इस्तेमाल व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया, जो नियमों का उल्लंघन है। साथ ही, 2014-15 में लीज समाप्त होने के बाद इसे नवीनीकृत भी नहीं कराया गया।

UDA ने इन प्लॉट्स को लेकर कई नोटिस जारी किए और 2023-24 में लीज रद्द कर दी। इसके बाद प्लॉट धारकों ने अदालत का रुख किया, जहां उन्हें कुछ समय के लिए स्थगन आदेश मिला। हालांकि, निचली अदालत, हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से राहत न मिलने के बाद प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की।

UDA के सीईओ संदीप सोनी ने बताया कि इस क्षेत्र को आवासीय योजना के तहत विकसित किया गया था, लेकिन नियमों के उल्लंघन के चलते करीब 45 लीज रद्द की गईं। उन्होंने कहा कि हटाई गई जमीन का उपयोग हरि फाटक ब्रिज के चौड़ीकरण और सड़क निर्माण में किया जाएगा। वहीं, सिटी एसपी राहुल देशमुख ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर करीब 50 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। साथ ही, सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही थी। ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए, ताकि श्रद्धालुओं को कम से कम परेशानी हो।