उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की चर्चाओं के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनाव अभियान की रणनीति बनाने के लिए 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित करने का फैसला किया है। इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रदेश प्रभारी राम माधव शामिल होंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि 21 नवंबर को पार्टी के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों की कार्यसमिति की बैठकें होंगी। वहीं, 22 नवंबर को विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी। बैठक में सह प्रभारी बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन भी मौजूद रहेंगे।
कमजोर प्रदर्शन वाली सीटों पर BJP का खास फोकस
भाजपा ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के लिए हरिद्वार को चुना है। पिछले चुनावों में इस क्षेत्र में पार्टी का प्रदर्शन कमजोर रहा था। ऐसे में पार्टी यहां अपनी स्थिति मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।
महेंद्र भट्ट ने बताया कि 15 नवंबर को मसूरी में होने वाली बैठक में विधानसभा स्तर पर त्रिदेव सम्मेलन और अन्य कार्यक्रमों के आयोजन की रणनीति तैयार की जाएगी। इसके जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के लिए सक्रिय किया जाएगा।
अमित शाह, योगी आदित्यनाथ समेत 12 केंद्रीय नेता करेंगे प्रचार
भाजपा का चुनाव अभियान नवंबर के अंत तक रफ्तार पकड़ सकता है। इसके लिए पार्टी करीब एक दर्जन केंद्रीय नेताओं के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे रही है। प्रदेश संगठन ने केंद्रीय नेतृत्व से 12 नेताओं का कार्यक्रम मांगा है।
इन नेताओं में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, स्मृति ईरानी और अनुराग ठाकुर के नाम शामिल हैं। पार्टी नवंबर और दिसंबर में प्रदेश की अलग-अलग विधानसभा सीटों पर कई कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रही है।
पीएम मोदी की रैलियों की भी तैयारी
उत्तराखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम भी नवंबर और दिसंबर में प्रस्तावित हैं। प्रधानमंत्री प्रदेश के मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में एक या दो रैलियों को संबोधित कर सकते हैं। इसके लिए भाजपा संगठन कार्ययोजना तैयार कर रहा है।
राज्य स्थापना दिवस पर 15 दिन तक होंगे कार्यक्रम
भाजपा ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार से प्रदेशभर में 15 दिवसीय कार्यक्रम शुरू करने का भी ऐलान किया है। ये कार्यक्रम राज्य के सभी शक्ति केंद्रों पर आयोजित किए जाएंगे।
पार्टी का उद्देश्य इन कार्यक्रमों के जरिए संगठन को मजबूत करना और विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ताओं को चुनावी अभियान के लिए तैयार करना है। नवंबर और दिसंबर में होने वाले विभिन्न सम्मेलनों और केंद्रीय नेताओं के दौरों के साथ उत्तराखंड में भाजपा का चुनावी अभियान और तेज होने की उम्मीद है।