पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सरकार ने 20 IAS अधिकारियों का तबादला कर दिया है और छह नए जिलों में डिप्टी कमिश्नर (DC) नियुक्त किए हैं। इसके अलावा पंजाब सिविल सर्विस (PCS) के 111 अधिकारियों के तबादले के आदेश भी जारी किए गए हैं।
कई जिलों के डिप्टी कमिश्नर बदले
SAS नगर की डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल को रूपनगर का नया डिप्टी कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उनकी जगह आदित्य दचलवाल SAS नगर के नए डिप्टी कमिश्नर होंगे।
पटियाला के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल को लुधियाना भेजा गया है। वहीं, लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन अब पटियाला की जिम्मेदारी संभालेंगे।
बरनाला और तरनतारन में भी नई नियुक्तियां
पंजाब एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और खेल एवं युवा सेवा निदेशक की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाल रहे अभिजीत कपलिश को बरनाला का डिप्टी कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उन्हें बरनाला नगर निगम के कमिश्नर की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। वह हरप्रीत सिंह की जगह लेंगे।
वहीं, पंजाब के मुख्य सचिव के विशेष कार्य अधिकारी और अतिरिक्त सचिव (समन्वय) की जिम्मेदारी संभाल रहे निर्मल ओसेप्पाचन को तरनतारन का नया डिप्टी कमिश्नर बनाया गया है। वह राहुल की जगह लेंगे।
2027 चुनाव से पहले प्रशासनिक बदलाव
पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राज्य सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को चुनाव से पहले अहम माना जा रहा है। 2027 के चुनाव में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला होने की संभावना है।
2022 में AAP ने जीती थीं 92 सीटें
पंजाब विधानसभा की कुल 117 सीटों पर वर्ष 2022 में हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस को 18 सीटें मिली थीं। इसी चुनाव के बाद राज्य में AAP की सरकार बनी थी।