Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

नारी गरिमा से खिलवाड़ स्वीकार नहीं, समाज को तोड़ने वाली शक्तियों को करें बेनकाब: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस समाज में मां भगवती की उपासना होती है, वहां नारी की गरिमा के खिलाफ आचरण स्वीकार नहीं किया जा सकता। सनातन परंपरा में मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। नवरात्र में कन्या पूजन इसी भावना का प्रतीक है। सरकार ने इस परंपरा को धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाया है।

मुख्यमंत्री सोमवार को शारदीय नवरात्र की महानवमी पर गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को महानवमी की शुभकामनाएं देते हुए विजयादशमी पर सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प लेने की अपील की।

नारी सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता

सीएम योगी ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के संकल्प से प्रेरित है। प्रदेश के सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं, जहां महिलाओं की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान की व्यवस्था है। महिलाओं की सहायता के लिए 1090 हेल्पलाइन भी संचालित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि बासंतिक और शारदीय नवरात्र की परंपरा मातृशक्ति के प्रति सम्मान का संदेश देती है। महानवमी पर कन्या पूजन और उन्हें भोजन कराना इसी श्रद्धा का प्रतीक है। गोरखनाथ मंदिर की परंपरा के अनुसार कन्याओं का पूजन करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

यूपी पुलिस में महिला कर्मियों की संख्या 45 हजार के करीब

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश पुलिस में करीब 10 हजार महिला कार्मिक थीं, जबकि अब यह संख्या बढ़कर लगभग 45 हजार हो गई है। पुलिस भर्ती में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं। उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मी प्रदेश में सुरक्षित माहौल बनाने और महिलाओं की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी पहल महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण को नई दिशा दे रही हैं। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक की शिक्षा के विभिन्न चरणों में कुल 25 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।

पांच लाख से अधिक बेटियों का मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत विवाह

सीएम योगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से अब तक पांच लाख से अधिक बेटियों के विवाह संपन्न कराए जा चुके हैं। योजना के तहत एक लाख रुपये की सहायता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश की 54 हजार ग्राम पंचायतों में बीसी सखी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। ड्रोन दीदी और लखपति दीदी जैसे कार्यक्रम भी महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के अवसर प्रदान कर रहे हैं। सरकार बेटियों की शिक्षा, प्रशिक्षण और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

विंध्यवासिनी धाम में एक दिन में 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

मुख्यमंत्री ने बताया कि शारदीय नवरात्र के दौरान प्रदेश में करीब 45 हजार स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित किए गए हैं। देवी मंदिरों और शक्तिपीठों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मां विंध्यवासिनी धाम में कॉरिडोर निर्माण के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। रविवार को यहां 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। सोमवार को भी 20 से 25 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, शक्तिपीठ देवीपाटन, सहारनपुर स्थित मां शाकंभरी पीठ और सीतापुर के ललिता देवी शक्तिपीठ में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

विजयादशमी पर नशे और भ्रष्टाचार जैसी बुराइयों को खत्म करने का लें संकल्प

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विजयादशमी अधर्म, असत्य और अन्याय पर धर्म, सत्य और न्याय की विजय का पर्व है। प्रभु श्रीराम की विजय का यह उत्सव समाज को बुराइयों से मुक्त होने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने लोगों से रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के दहन के साथ नशे, भ्रष्टाचार, अराजकता, असुरक्षा और आतंकवाद जैसी बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की एकता को तोड़कर राष्ट्र को कमजोर करने का प्रयास करने वाली शक्तियों को बेनकाब करना जरूरी है।

सीएम योगी ने बताया कि विजयादशमी पर रामलीला और रावण दहन के आयोजनों को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने अधिकारियों को यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों से त्योहार को उत्साह के साथ मनाने और अनुशासन व सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को महानवमी की बधाई देते हुए मां भगवती से सभी के सुख और समृद्धि की कामना की। उन्होंने विजयादशमी की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज को नशे, भ्रष्टाचार, अराजकता और विभाजनकारी प्रवृत्तियों से मुक्त करने का संकल्प लेने का भी अवसर है।