पश्चिम बंगाल के कोलकाता एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कोलकाता से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट को उड़ान भरने से कुछ देर पहले धमकी मिली। सुरक्षा के मद्देनजर विमान को तुरंत आइसोलेशन बे में भेज दिया गया।
विमान को निर्धारित समय पर उड़ान भरनी थी। इसी दौरान धमकी मिलने का अलर्ट सामने आया। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। विमान को एहतियात के तौर पर आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां सुरक्षा जांच शुरू की गई।
विमान को धमकी मिलने के बाद अधिकारियों ने तय सुरक्षा प्रक्रियाओं (SOP) के तहत कार्रवाई की। सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और विमान की जांच शुरू कर दी।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले का आकलन कर रही हैं। धमकी किस तरह की थी और जांच में क्या सामने आया है, इस बारे में अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।